शंखचूड़ की नगरी में गूंजा राधे- राधे, भक्ति से परिपूर्ण ब्रजयात्रा को हुआ स्वागत Agra News
सौंख में राधा रानी ब्रज यात्रा का भव्य स्वागत।
आगरा, जेएनएन। ब्रज भाव जागरण करने वाली ब्रज यात्रा गुरुवार सुबह तक्षक नगरी ताखा से चलकर गुंसारा पहुंची तो मध्य रास्ते में यात्रा के संचालक श्री रमेश बाबा जी भी वहां पहुंच गए। बाबा के दर्शन से आह्लादित ब्रजवासी प्रसन्नता से नाचने लगे। नाचते गाते यात्री सौंख पहुंचे तो गांव वासियों ने यात्रा एवं बाबा के स्वागत में पुष्पवर्षा और माल्यार्पण किया। विविध खाद्य सामग्रियों से यात्रियों को भेंट किया।
स्वागत- सम्मान की सराहना करते हुए रमेश बाबा ने कहा कि ब्रजवासी धन्य हैं, जिनमें इतनी उदारता है। इनके इसी गुण ने तो भगवान कृष्ण को दास बना दिया था। बाबा ने कहा कि इन गांवों में यात्राएंं बहुधा नहीं आया करती हैं। ब्रज वासियों के प्रेम के वशीभूत वे यात्रा यहां से निकालते हैं। यह शंख चूड़ की निवासस्थली है। भगवान ने वत्स रूप धारी दैत्य का वध किया था। यह असुर कंश से भी बलशाली था। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भजनों की धुन पर जमकर नृत्य भी किया। हर तरफ बस एक ही गूंज सुनाई दे रही थी राधे राधे की। बता दें कि विरक्त संत रमेश बाबा की 30वीं राधारानी ब्रज चौरासी कोस यात्रा 11 अक्टूबर को संकल्प के साथ प्रारंभ हुई थी। 38 दिवसीय ब्रजमंडल परिक्रमा ब्रज की पूरी परिक्रमा के साथ समाप्त होगी।