युवती से छेड़खानी के बाद बालिका का अपहरण, ग्रामीणों ने जमकर पीटे आरोपित Agra News
पहले की कोचिंग जाती छात्रा के साथ छेड़खानी। लोगों ने दौड़ाया तो स्कूल जाती छात्रा को जबरन बिठाया बाइक पर। ग्रामीणों ने पीछा कर लगाई जमकर धुनाई।
आगरा, जेएनएन। प्रदेश में शोहदों के हौंसले बुलंद हो चुके हैं। एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम देते हैं और कानून की पकड़ से दूर भागने की कोशिश में भी अधिकांशत: सफल हो जाते हैं लेकिन मैनपुरी जिले में वारदात कर भागने वाले शोहदे लोगों की समझदारी और जागरुकता के चलते कानून के हाथ चढ़ गए।
शनिवार सुबह करीब सात बजे मैनपुरी के थाना भोगांव क्षेत्र के एक गांव की निवासी बीएससी की छात्रा कोचिंग के लिए साइकिल से जा रही थी। तभी रास्ते में बाइक सवार दो मनचले युवकों ने छात्रा के साथ छेड़खानी कर दी। विरोध करने पर बाइक सवार युवकों ने छात्रा की साइकल में टक्कर मार दी। जिससे छात्रा गिर पड़ी घटना को देख रहे लोगों ने शोर मचाया तो दोनों युवक भाग निकले।
युवकों के हौंसले इतने बढ़े हुए थे कि कुछ दूरी पर जा रही एक 11 वर्षीय बालिका को अगवा कर बाइक पर बैठा लिया। उसके साथ भी अश्लील हरकतें की। तब तक ग्रामीणों ने बाइकों पर सवार होकर दोनों का पीछा किया। ग्रामीणों के चुंगल में फंसता देख बदमाश बाइक को तेजी से दौड़ाने लगे। बाइक पर बैठी बालिका भी शोर मचाकर विरोध कर रही थी। जिससे बदमाशों की बाइक असंतुलित होकर गांव जमौरा की पुलिया से टकरा गई।
इस घटना में बालिका को मामूली चोटें आईं। जबिक दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। युवक फिर से भाग पाते इससे पहले ही ग्रामीणों ने पकड़ लिया। दोनों की जमकर पिटाई की और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। युवकों ने अपना नाम पता जुबैर आलम पुत्र इश्त्यार अली व अफसर आलम पुत्र इकरार अली निवासी गांव रकरी थाना भोगांव बताया।
पिटाई से आरोपित युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेजा, जहां से उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप