आप ने अपनाया अनूठा अंदाज, टिकट वृद्धि के विरोध में चलाया सेल्फी विद ताजमहल
पचकुइयां स्थित राम मंदिर से की शुरुआत। मुख्य मकबरे पर अलग टिकट लगाने की मुखालफत।
आगरा, जागरण संवाददाता। विरोध जताने के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) हमेशा कुछ अलग तरीका अपनाती है। इस बार भी पार्टी का अनूठा अंदाज ही सामने आया। ताजमहल पर टिकट वृद्धि के विरोध में आप ने सेल्फी विद ताजमहल अभियान की शुरुआत की है। शुक्रवार को इसकी शुरुआत पचकुइयां स्थित राम मंदिर से की गई। पार्टी इसे गली-गली सरकार की लूट के नाम से चलाएगी।
ताजमहल पर भीड़ प्रबंधन के लिए मुख्य मकबरे पर 200 रुपये की टिकट अलग से लगाई गई है। इससे अब तक 50 रुपये में ताज का दीदार कर रहे भारतीय सैलानियों को पूरे स्मारक के दीदार को 250 रुपये का टिकट खरीदना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी ने इसे भाजपा के दो सांसद, नौ विधायक होने के बावजूद जनता के साथ खुली लूट बताया है। शुक्रवार को हुए आप के अनूठे विरोध के दौरान अध्यक्ष कपिल वाजपेयी ने कहा कि वर्तमान सरकार अमीरों के लिए काम कर रही है। ताज पर ऐसा पिछले 70 वर्षों में कभी नहीं हुआ है। यह लूट बंद नहीं हुई तो ताजमहल पर धरना दिया जाएगा। इस दौरान अनमोल बंसल, जेके गुप्ता, पवन प्रजापति, प्रियंका शर्मा, योगेश उपाध्याय, ओमप्रकाश प्रजापति, कुशलपाल, सुनहरी लाल धारिया, योगेश, मनीष, नेमीचंद, पूरनंचद, गुड्डू गोला मौजूद रहे।