Pulwama Terror Attack: गम और गुस्से में भारत बंद, 40 का बदला 400 से लेने की मांग
पाकिस्तान के प्रति फूट रहा गुस्सा। तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे लोग।
आगरा, जेएनएन। खून का बदला खून, 40 के बदले 400...। यह महज मांग नहीं बल्कि देश का गुस्सा है। कई दशकों से आतंक का दंश देश के माथे कश्मीर पर सहते आ रहे देशवासी अब इस दंश को जड़ से खत्म करना चाहते हैं। देश के रक्षकों पर हुए तीन दशकों के सबसे बड़े हमले को देश सहन नहीं कर पा रहा। एक तरफ शहीदों के पार्थिव शरीर देश की माटी में विलय हो रहे हैं वहीं दूसरी ओर देशवासियों ने बदले की मांग को लेकर स्वैच्छिक बंदी कर दी है।
अद्भुत बंदी, न कोई राजनीतिक हस्तक्षेप और न ही किसी जाति विशेष का आंदोलन। बस हरेक की एक जाति, भारतीय। संकट या दुख में देश कैसे सिर्फ एक ही भाव से बंध जाता है यह आज देखा जा सकता है। 40 जवानों की शहादत पर देश का हर नागरिक आंसुओं के साथ गुस्से की आग आंखों में लिये हुए है। इसका असर ही है कि जहां नजर दौड़ाई जाए वहां तक बाजार बंद है। सड़कों पर लोग हाथों में तिरंगा थामे पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं तो अपनी रगों को भारत माता के जयघोष के साथ देशभक्ति के उत्साह से सराबोर कर रहे हैं।
भले ही तन पर सेना की वर्दी नहीं हो लेकिन देश का हर सपूत देश से आतंक के खात्मे के लिए सरहद पर जाने को बेताब है।
आगरा, मथुरा, फीरोजाबाद, कासगंज,एटा और मैनपुरी जिलों के शहर, कस्बे और गांव के बाजार बंद हैं। पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग को लेकर लोग सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन और पुतला दहन
शनिवार को आगरा में साप्ताहिक बंदी नहीं थी लेकिन शहर के प्रमुख बाजार बंद थे। लोग हाथों में तिरंगा थामे शहीद स्मारक की ओर कूच कर रहे थे। मुख्य मार्ग और चौराहों पर लोग पाकिस्तान का पुतला दहन कर रहे थे। सड़कों पर लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर मार्च निकाला।
फीरोजाबाद के टूंडला में लोगों ने हाईवे पर जाम लगाया। मथुरा के गोवर्धन में बाजार बंद रख जुलूस निकाला गया और पाकिस्तान एवं इमारान खान के मुर्दाबाद के नारे लगे। मथुरा में कस्बे और गांव में प्रदर्शन हुए। फीरोजाबाद में सभी समुदायों ने स्वैच्छिक बाजार बंद रखे। कासगंज, मैनपुरी और एटा में भी यही स्थिति रही।
प्रदर्शन में उपद्रव
गुस्साए लोगों ने बाजार बंदी के साथ सड़कों पर उतर कर जब प्रदर्शन किया तो गुस्सा उपद्रव में बदल गया। फीरोजाबाद के टूंडला में हाईवे पर लोगों ने वाहनों में तोडफ़ोड़ कर दी। उपद्रव से अफरातफरी मच गई जिससे जाम की स्थिति बन गई। यहां प्रदर्शन के नाम पर अराजकता करते हुए लोगों ने दर्जनों वाहनों के शीशे तोड़ दिए हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर कईयों को हिरासत में ले लिया है।