सीएम की घोषणाओं के लिए भी जमीन नहीं तलाश पा रहे जिम्मेदार Agra News
पांच बार सीएम आगरा का कर चुके हैं दौरा। ताजनगरी में अब तक सीएम ने की है 39 घोषणा एक भी योजना को जिला प्रशासन नहीं पहना पाया अमलीजामा।
आगरा, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब भी ताजनगरी आए कोई न कोई घोषणा की। अब तक मुख्यमंत्री ने जिले में 39 घोषणा की है, लेकिन किसी को भी अमली जामा नहीं पहनाया जा सका है। जिला प्रशासन अभी तक 12 योजनाओं पर कार्य शुरू नहीं करा पाया है। छह योजना तो ऐसी हैं, जिनके लिए जमीन तक नहीं तलाश जा सकी। ऐसे में घोषणा पूरी होना दूर की बात है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब भी ताजनगरी आए, यहां कुछ न कुछ घोषणा कीं। उन्होंने कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस चौकियों के लिए आदेश दिए। अग्निशमन व्यवस्था में सुधार को कहा। शिक्षा के मंदिरों से लेकर खेल मैदान तक, अस्पतालों से लेकर बस स्टैंड तक के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा कीं। अफसोस की बात यह है कि जिला प्रशासन अभी तक आधा दर्जन योजनाओं के लिए जमीन तक नहीं तलाश पाया है। यह आलम तब है, जब मुख्यमंत्री लाइन में सबसे पीछे खड़े व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं का लाभ मुहैया कराने को लेकर अधिकारियों की कमान कसेहुए है।
इन योजनाओं के लिए नहीं मिली जमीन
1. आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में नवीन पुलिस थाने की स्थापना।
2. दक्षिण विधान सभा क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य।
3. फतेहाबाद विधान सभा क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण कार्य।
4. फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में पावर फार ऑल पारेषण उपकेंद्र की स्थापना।
5. छावनी विधान सभा क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना।
6. खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सैैंया में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना
इन योजनाओं पर शुरू नहीं हुआ कार्य
1. तहसील किरावली में अग्नि शमन केंद्र की स्थापना।
2. फतेहाबाद तहसील में अग्नि शमन केंद्र की स्थापना।
3. थाना फतेहाबाद की पुलिस चौकी मडायना के भवन का निर्माण।
4. थाना फतेहाबाद की पुलिस चौकी मडायना में पुलिसकर्मियों के आवास का निर्माण।
5. थाना एत्मादपुर की नवीन पुलिस चौकी हाईवे के भवन का निर्माण।
6. थाना एत्मादपुर के नवीन पुलिस चौकी हाईवे में पुलिसकर्मियों के आवास का निर्माण।
7. बरौली गुर्जर में पशु चिकित्सालय का निर्माण।
8. खेरागढ़ में दस करोड़ की पेयजल योजना।
9. एत्मादपुर विधान सभा क्षेत्र के गांव नगला महासिंह में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य।
10. आगरा ग्रामीण विधान सभा क्षेत्र में मिनी स्टेडियम का निर्माण।
11. आगरा ग्रामीण विधान सभा क्षेत्र में पॉवर फार ऑल पारेषण केंद्र की स्थापना।
12. आगरा कैंट विधान सभा क्षेत्र में बस स्टेशन का निर्माण।
जमीन किसी न किसी विभाग की है। उनसे जमीन को लेने के लिए पत्राचार किया जा रहा है। उम्मीद है कि नवंबर माह में जमीन आवंटन का कार्य पूरा हो जाएगा। जिन योजनाओं पर कार्य चल रहा है। वह सभी निर्धारित समय में पूरी करा दी जाएगी।
जे. रीभा, मुख्य विकास अधिकारी