पत्नी संग ताज का दीदार कर इस देश के राष्ट्रप्रमुख ने कहा, बेजोड़ है ताज
ढाई घंटे आगरा रुकने के बाद होंगे दिल्ली रवाना। हो सकता है भारत और उज्बेकिस्तान के बीच करार।
आगरा: उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने जब सपत्नीक ताज महल का दीदार किया तो वह भी इसकी स्थापत्य कला के मुरीद हो गए। ताज परिसर में करीब आधा घंटा गुजारने के दौरान वे वापस होटल के लिए रवाना हो गए। ताज महल भ्रमण के दौरान उन्होंने गाइड से ताज के इतिहास, शिल्प आदि की जानकारी भी ली। इसके बाद मुख्य गुंबद का भ्रमण कर डायना सीट पर पत्नी के साथ उन्होंने फोटो भी खिंचवाई। राष्ट्रपति के साथ आए दल ने भी उनके साथ ताज के साये में फोटो खिंचवाई। ताज से रवाना होने से पहले उन्होंने विजिटर बुक पर ताज की तारीफ भी लिखी। ताज के भ्रमण के दौरान राष्ट्रपति और उनकी पत्नी मोहब्बत की मिसाल के सौंदर्य पर मुग्ध दिखे।
बता दें कि वह स्वदेश से सीधे आगरा आए हैं और यहां से दिल्ली रवाना होंगे। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने खेरिया एयरपोर्ट पर उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति कि अगवानी की। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव सीधे होटल अमर विलास पहुंचे थे। यहां कुछ देर रुकने के बाद ताज के भ्रमण के लिए रवाना हो गए। उनकी सुरक्षा को देखते हुए शिल्पग्राम तक सभी पर्यटकों को पूर्वी गेट एवं पश्चिमी गेट से हटा दिया गया है। दशहरा घाट की तरफ स्ट्रीमर से गश्त की जा रही है। पुलिस के द्वारा 500 मीटर की दूरी तक किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा। दुकानें भी बंद करवा दी गई हैं। राष्ट्रपति की फ्लीट के लिए माल रोड पर ट्रैफिक रोक दिया गया है। ताज महल के भ्रमण से लौटने के बाद वे होटल में कुछ देर रुक कर दोपहर 2.55 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे। पर्यटन विभाग ने राष्ट्रपति के स्वागत के लिए मथुरा से आठ कलाकारों को बुलवाया था। वीवीआइपी विजिट को देखते हुए एएसआइ द्वारा ताजमहल में विशेष सफाई व उद्यान में पौधों और घास की छटाई कराई गई थी।
दिल्ली में हो सकता है करार
राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव यहां से लौटकर दिल्ली में रुकेंगे, वहां समरकंद व आगरा को सिस्टर सिटी बनाने का भारत व उज्बेकिस्तान के बीच करार हो सकता है। दोनों शहरों में मुगलकालीन स्मारक हैं। उज्बेकिस्तान आगरा के फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा व मुगलकालीन स्मारकों को वास्तविक लुक लाना चाहता है।