Board Exam Tips: तैयारी है जरूरी फिर चाहे हिंदी हो या रसायन विज्ञान Agra News
टाइम टेबल बनाएं और उसी के अनुसार करें पढ़ाई। साइंस या मैथ्स के पेपर में तो रिविजन बेहद जरूरी है।
आगरा, जागरण संवाददाता। हर पेपर के लिए तैयारी करना बहुत जरूरी है। फिर वो चाहे हिंदूी हो या रसायन विज्ञान। हर पेपर को ध्यान से पढ़े और अंत में 15 मिनट का समय अपने सभी उत्तरों को ढंग से पढ़ने के लिए जरूर रखें।
1- रसायन विज्ञान के पेपर में चार खंड होंगे। सेक्शन एक में एक-एक अंक के बीस प्रश्न होंगे। सेक्शन बी में दो अंकों के सात प्रश्न होंगे। सेक्शन सी में तीन अंकों के सात प्रश्न होंगे। खंड डी में तीन पांच अंकों के प्रश्न होंगे।
2- पिछले पांच सालों के सैंपल पेपरों को हल करना बहुत फायदेमंद होगा।
3- एक समय सारिणी बनाए और उसके अनुसार ही अध्ययन करें।
4- एक स्थान पर महत्वपूर्ण शब्दों, परिभाषाओं, सूत्रों और नामित प्रतिक्रियाओं का संकलन करना चाहिए। इन सभी का नियमित अध्ययन करें। इससे अंतिम समय में महत्वपूर्ण चीजों को याद करने में मदद मिलेगी।
5- प्रश्न पत्र को ध्यान से पढ़ें। प्रत्येक सेक्शन के लिए समय को ठीक से विभाजित करें। आंसर शीट को चैक करने के लिए 15 मिनट का समय जरूर रखें।
6- जहां भी आवश्यक हो, अपने उत्तर के समर्थन में स्वच्छ और लेबल वाले आरेख दें।
7- पूरी नींद लें और पौष्टिक भोजन करें।
डा. नीरत राजपूत, पीजीटी, केमिस्ट्री बलूनी पब्लिक स्कूल
ये मंत्र हो सकते हैं काम के
मुझे साइंस में हमेशा से दिलचस्पी रही है। 12वीं ही नहीं, मैंने तो 11वीं में भी हर दिन 7 घंटे की पढ़ाई की थी। साइंस में करियर बनाने के लिए मेहनत तो करनी ही पड़ेगी। जब बोर्ड पेपर्स में दो महीने का वक्त बचा था तो पढ़ने का समय 2 से 3 घंटे और बढ़ गए थे। यह कहना है सेंट एंड्रूज स्कूल के दिव्यांश गुप्ता ने। दिव्यांश ने पिछले साल 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ आगरा मंडल में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। दिव्यांश कहते हैं कि बोर्ड एग्जाम में अच्छे अंक लाने यानि टॉपर बनने के लिए कुछ मंत्र हमेशा याद रखें।
- पेपर जल्दी में करो, जल्दबाजी में नहीं। मतलब सीधा-सा है। हॉल में पेपर जल्दी लिखकर खत्म करें, लेकिन ऐसे नहीं कि गलती कर दें।
- 15 मिनट सवाल पढ़ने के लिए दिए जाते हैं। उनका उपयोग जरूर करें। किसे पहले हल करना है और किसे बाद में, इसका निर्धारण कर क्वेश्चन पेपर पर नंबरिंग भी कर सकते हैं।
- इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपने किस सवाल को पहले किया और किसे बाद में। हां, यह कोशिश जरूर हो कि एक सेक्शन के सारे सवाल एक साथ ही हल किए जाएं।
- हाथ में क्वेश्चन पेपर हो तो जवाब के बारे में पहले अपने दिमाग में विजुअली जरूर सोच लें कि जवाब किस तरह लिखेंगे। यह नहीं कि कुछ सोचा ही नहीं, बस लिखना ही शुरू कर दिया।
- हर बड़े सवाल को हल करने से पहले 2 मिनट का वक्त लगा सकते हैं, जिसमें आप उस सवाल के लिए पूरी योजना बना सकते हैं।
- रिवीजन के लिए टाइम जरूर निकाल लें। यह रिवीजन हर सवाल के जवाब के बाद भी कर सकते हैं या फिर पूरा पेपर लिखने के बाद। इससे छोटी गलतियां, जिनसे नंबर कम हो सकते हैं, दूर हो जाएंगी।
- साइंस या मैथ्स के पेपर में तो रिविजन बेहद जरूरी है। कई बार जवाब में आप यूनिट लिखना छोड़ देते हैं। इससे जवाब सही होने के बाद भी अंक कट जाते हैं।