भाजयुमो अध्यक्ष पूनम महाजन ने नवाया बांकेबिहारी के दर पर शीश
पीएम मोदी पर पूरे देश को भरोसा। एक बार फिर चुनेगी जनता उन्हें अपना नेता।
आगरा, जेएनएन। भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद पूनम महाजन ने शनिवार की शाम ठा. बांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। महाजन ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का भरोसा हैं, जनता एक बार फिर से मोदी को पीएम की जिम्मेदारी सौंपने का मन बना चुकी है।
ठा. बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं पूनम महाजन ने कहा कि देश इस समय विषम परिस्थितियों में है। बावजूद इसके सेना का मनोबल बढ़ा हुआ है। आज पाकिस्तान का चेहरा दुनिया के सामने लाने में पीएम मोदी ने कामयाबी हासिल की है। पुलवामा हमले के बाद हुए एयर स्ट्राइक पर महाजन ने कहा कि ये भारतीय वायुसेना का शौर्य ही है कि रात के अंधेरे में दुश्मन के घर में घुसकर उसे धूल चटाई। पिछली बार से अधिक सीटों के साथ भाजपा 2019 में सत्ता संभालेगी। महाजन के साथ दर्शन को आए भाजयुमो के राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश का विनीत शर्मा, प्राण बल्लभ दुबे, राजीव तिवारी, आकाश गोस्वामी, अलौकिक शर्मा, प्रदीप शर्मा, मनोज ङ्क्षसह, राहुल शर्मा, जुगल लवानिया, भरत गौतम समेत अनेक कार्यकर्ताओं ने जोशीला स्वागत किया।