Move to Jagran APP

दोस्‍त ही निकला घर का भेदी, जानिये लूट की घटना को कैसे पहुंचाया अंजाम तक

महिला को बंधक बना लूट ले गए थे नगदी-जेवरात। लूटे माल एवं नगदी समेत तीन आरोपित गिरफ्तार।

By Prateek GuptaEdited By: Published: Mon, 28 Jan 2019 02:49 PM (IST)Updated: Mon, 28 Jan 2019 02:49 PM (IST)
दोस्‍त ही निकला घर का भेदी, जानिये लूट की घटना को कैसे पहुंचाया अंजाम तक
दोस्‍त ही निकला घर का भेदी, जानिये लूट की घटना को कैसे पहुंचाया अंजाम तक

आगरा, जेएनएन। मथुरा के गांव कराहरी में महिला को बंधक बना कर घर से नगदी एवं जेवरात लूटने की साजिश गृहस्वामी के दोस्त ने ही रची थी। सुरीर पुलिस ने साजिशकर्ता दोस्त समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश कर दिया है। आरोपितों के कब्जे से लूटा मोबाइल, जेवरात एवं नगदी बरामद हो गई है।

loksabha election banner

थाना सुरीर के गांव कराहरी में विश्वेन्द्र सिंह के घर में 28 दिसंबर को दोपहर करीब 12 बजे रिश्तेदार बन कर घुसे बदमाश घर में अकेली पत्नी प्रियंका के हाथ-पैर बांध कर सोने-चांदी की जेवरात, नगदी एवं मोबाइल लूट ले गए थे। दिनदहाड़े वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी। गृहस्वामी विश्वेद्र सिंह ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मोबाइल, जेवरात एवं नगदी लूट ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के खुलासे के लिए पूर्व विधायक कुशलपाल सिंह पुलिस पर लगातार दबाव बनाए हुए थे। नवागत एसएसपी अनिरुद्ध सिद्धार्थ पंकज ने लूट की इस घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस टीम को लगा दिया था। पुलिस ने सोमवार को घटना में शामिल वीरेंद्र उर्फ राधे निवासी गांव कराहरी थाना सुरीर, नवरतन निवासी गांव नगला पदी थाना न्यू आगरा एवं विकास निवासी गांव नगरिया थाना शमसाबाद जनपद आगरा को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने घटना में लूटा मोबाइल, सोने की एक अंगूठी, एक लेडीज घड़ी, चांदी की एक जोड़ी पाजेब एवं  25 हजार की नगदी बरामद की है। गृहस्वामी विश्वेन्द्र सिंह ने बरामद मोबाइल समेत सभी सामान पहचान लिया है।आरोपितों में वीरेंद्र उर्फ राधे वर्तमान में आगरा में टायर पंचर जोड़ने की दुकान कर रहा था। आरोपित वीरेंद्र की विश्वेन्द्र सिंह से गहरी दोस्ती थी। आगरा में उधार लिया कर्जा चुकाने के लिए वीरेंद्र ने अपने दोस्त के घर में लूट करने की साजिश रची थी। जिसमें आगरा में रहने वाले नवरतन एवं विकास को शामिल कर लिया था। साजिश के तहत घटना के दिन आरोपित वीरेंद्र बहाने से विश्वेन्द्र सिंह को अपने साथ टैंटीगांव बुला कर ले गया था। इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार ने बताया कि वीरेंद्र ने ही अपने दोस्त के घर में लूट करने का ताना-बाना बुना था। पूछताछ में पवन निवासी गांव कराहरी का नाम भी प्रकाश में आया है। जो घटना के बाद लुटेरे नवरतन एवं विकास को अपनी बाइक से वृंदावन तक छोड़ने गया था।

कर्ज चुकाने को बनाई लूट की योजना
बताया गया है कि आरोपित वीरेंद्र के आगरा में एक महिला से अवैध सबंध हैं। जिसका शौक पूरा करने के चक्कर में लाखों रुपए का कर्जदार हो गया। नवरतन एवं विकास भी उसकी तरह कर्ज में डूबे हुए थे। तीनों आरोपित युवक बातचीत करते हुए पैसों के लिए कोई प्लान बनाते रहते थे। वीरेंद्र का विश्वेन्द्र सिंह के यहां आना-जाना था। जिससे घर की स्थिति के बारे में उसे पूरी जानकारी थी। वीरेंद्र ने अपने दोस्त विश्वेन्द्र सिंह के घर लूट करने का योजना बनाई। जिसमें योजना के तहत वीरेंद्र उस दिन विश्वेन्द्र सिंह को अपने साथ बहाने से टैंटीगांव ले गया। रिश्तेदार बनकर विश्वेन्द्र सिंह के घर मे घुसे वीरेंद्र के साथी नवरतन एवं विकास उनकी पत्नी को बंधक बना कर मोबाइल, जेवरात एवं नगदी लूट ले गए थे।

बहन की शादी में शामिल नहीं हो सकेगा आरोपित
लूट की घटना के आरोप में गिरफ्तार विकास निवासी गांव नगरिया थाना शमसाबाद की बहन की आज मंगलवार को शादी है। बताया गया है कि बहन की शादी में खर्च के लिए विकास लूट की योजना में शामिल हुआ था। पुलिस के हत्थे चढ़ जाने पर अब वह मंगलवार को होने वाली बहन की शादी में भी शामिल नहीं हो पाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.