विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलिस भर्ती परीक्षा: आगरा में केंद्र व्यवस्थापक और कर्मचारियों की भी बायोमीट्रिक, अभ्यर्थियों की थ्री लेयर चेकिंग

Published: Mon, 08 Jun 2026 07:26 AM (IST)

आगरा में पुलिस आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। इस बार अभ्यर्थियों ...और पढ़ें

परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते डीएम मनीष बंसल। जागरण

परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते डीएम मनीष बंसल। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, आगरा। शहर के 28 केंद्रों पर सोमवार से आयोजित होने वाली पुलिस आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा की सुरक्षा को लेकर इस बार अहम बदलाव किया गया है। अभ्यर्थियों के अलावा इस बार केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षा कराने को आने वाले कर्मचारियों की भी बायोमैट्रिक होगी।

लिखित परीक्षा सोमवार से दो पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें एसीपी, निरीक्षक, उप निरीक्षक समेत एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र का प्रभारी निरीक्षक को बनाया है।

रविवार को डीएम मनीष बंसल ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में लापरवाही मिली तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

28 केंद्रों पर एक हजार पुलिसकर्मी तैनात

भर्ती परीक्षा को लेकर त्रिस्तरीय व्यवस्था की गई है। जिसमें सुरक्षा, परीक्षा और गोपनीयता है। तीनों कार्य की जिम्मेदारी अलग-अलग एजेंसियाें को सौंपी गयी है। इसमें अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की जांच के बाद बायोमीट्रिक, फेस रिकगनिशन के बाद ही परीक्षा में बैठने दिया जाएगा। इससे पूर्व पुलिस भर्ती परीक्षा में केंद्र व्यवस्थापक और उसके कर्मचारियों की बायोमैट्रिक नहीं होती थी।

डीएम ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था काे देखा

वहीं,रविवार दोपहर डीएम मनीष बंसल ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। भीषण लू व गर्मी को देखते हुए साफ सफाई, विशेष रूप से विद्युत, प्रकाश व्यवस्था,शीतल जल एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही या शिकायत पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

केंद्रों पर सवा घंटे पहले पहुंच जाएंगे प्रश्न पत्र

प्रत्येक पाली की परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र पहुंचाने का समय भी निर्धारित है। इससे पहले या बाद में प्रश्न पत्र केंद्रों पर नहीं आएंगे। केंद्रों पर सवा घंटे पहले प्रश्न पत्र पहुंच जाएंगे। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे है। सुबह 8:45 से नौ बजे बजे के दौरान लाकर रूम से केंद्र पर भेजे जाएंगे। इसी तरह दूसरी पाली तीन से पांच बजे है। जिसमें 1:45 से दो बजे के बीच केंद्रों पर भेजे जाएंगे। आठ से 10 जून तक होने वाली परीक्षा में प्रत्येक दिन 25,536 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक पाली में 12,768 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

डिजिटल सर्विलांस से अभ्यर्थियों की निगरानी

28 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थियों की डिजिटल सर्विलांस से निगरानी की जाएगी। पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां से सभी 28 केंद्रों की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से प्रत्येक कक्ष के एक-एक अभ्यर्थी पर नजर रखी जाएगी। कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर संबंधित केंद्र को तत्काल इसकी जानकारी दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- पुलिस भर्ती परीक्षा: मथुरा में 16 केंद्रों पर 6240 अभ्यर्थी देंगे इम्तिहान, रूट डायवर्जन लागू

अभ्यर्थियों की होगी त्रिस्तरीय जांच

  1. पहले चरण में केंद्र पर बाहर तैनात पुलिस और परीक्षा एजेंसी के कर्मचारी अभ्यर्थी की आईडी आधार कार्ड, पासपोर्ट, डीएल आदि की जांच करेंगे।
  2. दूसरे चरण में आईडी का सत्यापन होने के बाद पुलिस टीम अभ्यर्थी की तलाशी के साथ मेटल डिटेक्टर से तलाशी लेंगे।
  3. तीसरे चरण में अभ्यर्थी का बायामीट्रिक सत्यापन होगा, इसके बाद उसे केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
  4. अभ्यर्थी के कक्ष में बैठने के बाद परीक्षा कराने वाली एजेंसी वहां पर बिना सिम वाले टैबलेट से उसका फोटो खींचने के साथ ही दोबारा बायोमीट्रिक सत्यापन करेगी।

यह है व्यवस्था

  • पुलिस या प्रबंधन से जुड़ा कोई भी व्यक्ति परीक्षा केंद्र में मोबाइल नहीं ले जा सकेगा। केंद्र प्रभारी इंस्पेक्टर, केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा संचालक ही मोबाइल रख सकेंगे।
  • अभ्यर्थियों को डिजिटल गैजेटस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक कक्ष के लिए घड़ी दी गई है, जिससे कि अभ्यर्थियों को परेशानी न हो।
  • प्रत्येक कक्ष में अभ्यर्थियों की निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाया गया है।

बायोमीट्रिक और फेस रिकगनिशन के बाद मिलेगा प्रवेश

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि इस बार केंद्र व्यवस्थापक और उसके कर्मचारियों की भी बायोमीट्रिक अनिवार्य कर दी गई है। हालांकि उन्हें अभ्यर्थियों के साथ लाइन में नहीं लगना होगा, अलग से व्यवस्था की गई है। केंद्रों के बाहर एक हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जो कि केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानों समेत अन्य स्थानों पर भी नजर रखेंगे।

यह भी पढ़ें- इंडिगो ने दी यात्रियों को राहत, बरेली से दिल्ली और नोएडा की उड़ानों का किराया घटा