Late Night Encounter: मुठभेड़ के बाद शातिर बदमाश पांच किलो पुलिस की गिरफ्त में आया
Late Night Encounter फतेहाबाद रोड पर चेकिंग में रोकने पर पुलिस पर फायरिंग करके भाग रहे थे बदमाश। मुठभेड़ के दौरान सिपाही राकुल भी घायल।
आगरा, जागरण संवाददाता। कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की जान लेने वाले कुख्यात विकास दुबे की आगरा में भी तलाश चल रही है। दुबे तो हाथ नही आया लेकिन बुधवार-गुरुवार देर रात हुई मुठभेड़ में शातिर बदमाश पांच किलो पुलिस के हाथ चढ़ गया। उसका साथी भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये मुठभेड़ फतेहाबाद रोड पर थाना ताजगंज के तोरा चौकी क्षेत्र में रात एक बजे हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश गाेली लगने से घायल हाे गए। बदमाशों को एसएन मेडकिल कॉलेज में भर्ती कराया है। मुठभेड़ में एक सिपाही राकुल भी घायल हुआ है।
ताजगंज इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह बुधवार की रात करीब एक बजे फोर्स के साथ तोरा चौकी क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। वह पुलिस पर फायरिंग करके भागने लगे। पास की एक खंडहर में जाकर छिप गए। पुलिस ने पीछा करके खंडहर की घेराबंदीी कर ली। पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग करने पर गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। दोनो के पैर में गोली लगी है। बदमाशों की घेराबंदी के दौरान चोट लगने से सिपाही राकुल भी घायल हो गया। मुठभेड़ की जानकारी होने पर एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार बदमाशों की पहचान सलमान उर्फ छोटू निवासी गोबर चौकी ताजगंज और सलमान उर्फ पांच किलो निवासी काेतवाली हैं। एसपी सिटी ने बताया घायल दोनों बदमाश शातिर लुटेरे हैं। उनके खिलाफ लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं। वह लूटपाट के मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं।घायल दोनाें बदमाशों काे एसएन में भर्ती कराया गया है।