32 देशों के खिलाडि़यों में चमके कान्हा की नगरी के दुलारे, टोक्यों में दिखाया जलवा
टोक्यो में आयोजित बेंचप्रेस प्रतियोगिता में हासिल की उपलब्धि। दुनिया भर से 32 देशों के खिलाडिय़ों ने लिया था भाग।
आगरा, जेएनएन। मथुरा जिले के दो पॉवरलिफ्टर ने जापान की राजधानी टोक्यो में कमाल कर दिखाया। वल्र्ड चैंपियनशिप बेंचप्रेस प्रतियोगिता में नीमगांव की इकरा बानो ने टॉप फाइव और राया के राकेश सिंह ने छठवें स्थान पर गोल्डमेडल अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता में भाग लेने को लंबे समय से तैयारियां चल रही थी। गुरुवार को हुई प्रतियोगिता में लगभग 32 देशों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया था। जिसमें जिले के खिलाडिय़ों ने नाम रोशन कर दिया। 52 किलो भार वर्ग की जूनियर चैंपियनशिप में 18 वर्षीय इकरा ने टॉप फाइव में जगह बनाई। इसी तरह 19 वर्षीय राकेश 74 किलो वर्ग की जूनियर प्रतियोगिता में छठा स्थान प्राप्त किया। दोनों ने ही गोल्ड हासिल किया। इस उपलब्धि पर दोनों को सोशल साइट पर बधाई देने का तांता लग गया। कोच अस्मा अली खान ने बताया कि दोनों खिलाडिय़ों की मेहनत रंग लाई है। 26 मई की रात को दोनों की रिटर्न फ्लाइट है। अगले दिन नीमगांव में स्वागत समारोह आयोजित किया गया है।
मुश्किल से जुटाए थे पैसे
इकरा के पिता किसान और राकेश के पिता परचून की दुकान चलाते हैं। प्रतियोगिता में आने-जाने के लिए 2.5 लाख रुपये की जरूरत थी। मुश्किल से परिवार ने पैसे जुटाकर दिए थे। इस उपलब्धि के बाद दोनों ही परिवार के पैसे वसूल हो गए हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप