आगरा, जागरण संवाददाता। एक शरारती ने ग्रीन गैस कंपनी के अधिकारियाें को घनचक्कर बना दिया। सिकंदरा और आवास विकास कॉलोनी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हजाराें घराें में पाइप्ड नेचुरल गैस की आपूर्ति ठप हो गयी। सुबह स्कूल जाने से पहले बच्चाें का नाश्ता नहीं बन सका। ब्रेड बटर देकर उन्हें स्कूल भेजा गया। इधर टीमें फॉल्ट खाेजने में जुट गयीं। इलाके की छानबीन कर ली गयी लेकिन मामला समझ नहीं आया। बाद में फॉल्ट निकला तो मदर स्टेशन पर।

टीपी नगर मदर यूनिट में तकनीकी खराबी के कारण ग्रीन गैस की पीएनजी आपूर्ति शुक्रवार सुबह से ही प्रभावित हो गई। सुबह की चाय और नाश्ता बनाने किचन में पहुंची महिलाओं को जब इसकी जानकारी हुई तो आस पास पता किया गया। तकनीकी खराबी के कारण जयपुर हाउस, आवास विकास, खंदारी, पश्चिम पुरी, बोदला, अलबतिया सहित आसपास के क्षेत्र में आपूर्ति बाधित हो गई।

ग्रीन गैस के मीडिया समन्वयक विनय भारद्वाज ने बताया टीपी नगर रेलवे लाइन के पास स्थित ग्रीन गैस का वाल्व चैंबर किसी ने बंद कर दिया था। जिस कारण आपूर्ति हुई बाधित। आपूर्ति सुचारू करने के बाद ग्रीन गैस लिमिटेड पुलिस से शिकायत करने जा रही है। वॉल्व बंद होने से टीपी नगर यूनिट में रेगुलेटर प्रेशर कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गयी थी, जिस कारण आपूर्ति बाधित हुई। इसको ठीक कर लिया गया है। सुबह 9.50 बजे से आपूर्ति सुचारू हो गई। 

Edited By: Prateek Gupta