नशीला पदार्थ खिलाकर तीन दिन तक मासूम को बनाते रहे हवस का शिकार
नाबालिग के साथ करते रहे सामूहिक दुष्कर्म। एक पखवारे बाद दर्ज हुआ दुष्कर्म का मुकदमा।
आगरा, जेएनएन। नाबालिग को नशीला पदार्थ खिलाकर तीन दिनों तक उसके साथ हैवानियत की गई। उसे घर के बाहर छोड़कर आरोपित फरार हो गए। पुलिस जांच के नाम पर परिजनों को टरकाती रही। एक पखवारे बाद पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
पीडि़ता के मां का आरोप है कि 27 फरवरी की सुबह करीब साढ़े नौ बजे उनकी 15 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। वह पुत्र को छोडऩे स्कूल गईंं थींं। पति नौकरी पर चले गए थे। तभी पड़ोस में रहने वाला प्रमोद कुमार पुत्र विनोद कुमार उनके घर में घुस आया और उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ऑटो में बिठाकर अपने साथ ले गया। पुत्री को कुछ नशीला पदार्थ खिला दिया। जिसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोपित उसे आगरा ले गए। जहां तीन दिनों तक प्रमोद व दो अज्ञात युवकों ने उसके साथ बुरा काम किया। परिजन पुत्री की तलाश में भटक रहे थे। तभी तीन दिन बाद आरोपित उसे घर के बाहर चौराहे पर छोड़कर चले गए। पीडि़ता ने घटना से परिजनों को अवगत कराया। पुलिस मामले की जांच की बात कहती रही। मंगलवार को पुलिस ने पीडि़ता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर ज्ञानेन्द्र कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।