बसपा जिलाध्यक्ष की तस्वीरें फेसबुक पर वायरल, शहर में होने लगीं चर्चाएं
महिला का पति बताने वाले शख्स ने पुलिस को दिया प्रार्थनापत्र। कुछ देर बाद हटाई तस्वीरें जिलाध्यक्ष बोले दर्ज करा रहा हूं मुकदमा।
आगरा, जेएनएन। चुनाव नजदीक आने के साथ-साथ नेताओं पर निशाने लगे हैं। बुधवार को फीरोजाबाद के बसपा जिलाध्यक्ष के एक महिला के साथ फेसबुक पर फोटो वायरल किए गए। इसके साथ ही महिला का पति बताने वाले शख्स ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाए और खुद को जान का खतरा बताया। वहीं जिलाध्यक्ष ने इस मामले को साजिश बताया है।
फेसबुक पर महिला की आइडी पर जारी तस्वीरों में फीरोजाबाद के बसपा जिलाध्यक्ष बीरी सिंंह आनंद को एक महिला के साथ दिखाया गया है। थोड़ी देर बाद पोस्ट हटा दी गई। इसके बाद दोपहर में फिर से दूसरी महिला की आइडी से यही तस्वीरें जारी की गईं। इधर, टूंडला क्षेत्र के गांव नागऊ निवासी युवक द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि महिला से उसकी शादी हुई थी, मगर बसपा जिलाध्यक्ष से उसके संबंध थे। ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी पत्नी घर से जेवरात लेकर चली गई। इसकी रिपोर्ट 2016 में दर्ज कराई गई थी। मैंने जिलाध्यक्ष के खिलाफ शिकायतें की, जिसके बाद अब मुझे जान का खतरा है।
जिलाध्यक्ष बीरी सिंंह का कहना है कि यह मुझे बदनाम करने की साजिश है। फेसबुक पर वायरल तस्वीरें हटा ली गई हैं, अब मैं उक्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने जा रहा हूं।