विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आगरा में पेट्रोल टैंकर और ट्रैक्टर की टक्कर, दो जिंदा जले

By amal chowdhuryEdited By:
Published: Fri, 28 Jul 2017 09:30 AM (IST)Updated: Fri, 28 Jul 2017 09:36 AM (IST)

ग्रामीण की सूचना पर करीब 20 मिनट में वहां पुलिस पहुंच गई मगर, पेट्रोल टैंकर में लगी आग से डरकर पुलिसकर्मी दूर ही खड़े हो गए।

आगरा में पेट्रोल टैंकर और ट्रैक्टर की टक्कर, दो जिंदा जले
आगरा में पेट्रोल टैंकर और ट्रैक्टर की टक्कर, दो जिंदा जले

आगरा (जागरण संवाददाता)। गुरुवार रात हाईवे पर पेट्रोल टैंकर-ट्रैक्टर ट्रॉली हादसे के घायल लहूलुहान हो गए थे, दर्द से कराह रहे थे। हादसे में दो लोग जिंदा जले जबकि तीन लोगों अस्पताल में मौत हो गई। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस मूक दर्शक बनी रही। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो जरूर लेकिन आग में ​घिरे लोगों को बचाया नहीं।

पुलिस जब इन लपटों से डरकर दूर खड़े होकर तमाशबीन बनी थी, तब ढाबा कर्मियों और क्षेत्रीय ग्रामीणों ने घायलों के लिए अपनी जान की बाजी भी लगा दी। घायलों को वहां से हटाया और हाईवे पर वाहनों को रोक-रोककर उन्हें अस्पताल तक पहुंचाया।

आगरा-मथुरा हाईवे पर आनंद कॉलेज के पास टैंकर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 40 लोग घायल हो गए। किसी के हाथ तो किसी के पैर में चोट लगी थी। कोई सिर में चोट लगने पर लहूलुहान होकर सड़क पर पड़ा था।

ग्रामीण की सूचना पर करीब 20 मिनट में वहां पुलिस पहुंच गई। मगर, पेट्रोल टैंकर में लगी आग से डरकर पुलिसकर्मी दूर ही खड़े हो गए। घायलों के परिजन और स्थानीय लोगों ने उनकी वर्दी पकड़कर बचाव की गुहार लगाई तो उनके कदम बढ़े तो मगर जल्द ही ठिठक भी गए।

बताया गया है कि टैंकर में थोड़ा-बहुत ही पेट्रोल था।
उधर, वैष्णवी ढाबा के संचालक बबलू यादव और उनके कर्मचारीगण हरिओम, भूपेंद्र और जेपी बचाव में जुट गए। इसी बीच अरसैना निवासी थान सिंह यादव, जितेंद्र समेत दो दर्जन युवा भी आ गए। टैंकर फटने की आशंका से विचलित हुए बगैर ये लोग घायलों को टैंकर के पास से निकालने लगे।

घायल और बेहोश लोगों को सड़क किनारे सुरक्षित किया। इसके बाद कुछ घायलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से पास स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचा दिया। इसके बाद कई और वाहनों को रोक-रोककर घायलों को अस्पतालों में पहुंचाया।

यह भी पढ़ें: शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन समेत चार के खिलाफ चार्जशीट

करीब आधा घंटे बाद इलाका पुलिस पहुंची और 45 मिनट बाद दमकल आग बुझाने को पहुंची। तब तक ग्रामीण घायलों को अस्पताल पहुंचा चुके थे। पुलिस ने तो मृत हुए तीन लोगों के शव एंबुलेंस में रखवाकर पोस्टमार्टम गृह तक पहुंचाए।

यह भी पढ़ें: भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को लेंगे यूपी के मंत्रियों की क्लास