Agra Lockdown Update Part 2: अंडा लेने निकलना पड़ा महंगा, हुआ चालान 2500 का
ताजनगरी में कोरोना के बढ़ते मामलों और लॉकडाउन पार्ट-2 लागू होने के बाद भी लोग बेवजह घूमने से नहीं आ रहे बाज। पुलिस कर रही चालान।
आगरा, जागरण संवाददाता। जेल में नहीं आप अपने घर पर हैं। वह भी इसलिए कि आपकी और आपके परिवार की जान सलामत रहे। पूरी दुनिया में लॉकडाउन है, कुछ सोच-समझ कर ही किया गया होगा ये। इतनी सी बात तमाम लोगों को समझ नहीं आ रही। बेवजह सड़कों पर तफरी करने निकल रहे हैं। पकड़े जाने पर बहाने भी ऐसे-ऐसे कि पुलिस का भी सिर चकराने लगा है। एक जनाब पकड़े गए तो कहने लगे अंडा लेने निकला हूं। पुलिस ने 2500 रुपये का चालान ठोका, तब उन्हें सबक मिला। अंडे भी मिले नहीं और मोटी चपत भी लग गई।
लॉकडाउन पार्ट-2 में पुलिस के पकडऩे पर लोग तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं। कोई कूलर की घास लेने जाने बता रहा है तो कोई अंडे खरीदने की बात कर रहा है। शुक्रवार को पुलिस ने हरीपर्वत चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। लॉकडाउन के बावजूद सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। लोग वाहनों से भी निकलने लगे हैं। ऐसे में पुलिस सख्ती कर रही है। शुक्रवार को पुलिस ने हरीपर्वत चौराहे पर चेकिंग की। इस दौरान कई वाहनों को रोका गया। शाह मार्केट के एक व्यापारी अपनी कार से जा रहे थे। उनकी कार पर काली फिल्म भी चढ़ी थी। व्यापारी ने मास्क और सीट बेल्ट भी नहीं लगाई थी। यह देखकर पुलिस ने रोक लिया। जब पुलिस ने घर से बाहर आने का कारण पूछा तो व्यापारी ने बताया कि अंडे खरीदने निकले हैं। पुलिस ने कहा कि जब दुकानें ही नहीं खुल रही हैं तो अंडे कहां से लाएंगे। इस सवाल का व्यापारी के पास कोई जवाब नहीं था। पुलिस ने व्यापारी का 2500 रुपये का चालान काट दिया। इसके बाद व्यापारी को घर जाने की सलाह दी। इसके अलावा कूलर की घास लेने या अन्य बहाने बनाने पर भी पुलिस ने कई वाहनों के चालान काटे।
बस्तियों में अब भी नहीं अंकुश
शहर के विभिन्न हिस्सों में बनी बस्तियों में लोग अभी भी इस कोरोना वायरस की गंभीरता को नहीं समझ रहे हैं। इलाका पुलिस के जाते ही चौपालें सज जाती हैं। कहीं लूडो चल रहा है तो कहीं जुआ। गर्मी में पेड़ के नीचे बैठकर हवा के झोंके के आनंद लिए जा रहे हैं।