Agra Lockdown Update Day 9: पुलिस परेशान, हो रहीं अब Control Room पर ऐसी-ऐसी Demand
पुलिस को महिला ने डिश ठीक कराने को किया कॉल तो युवक ने शराब की समस्या का पूछा हल। गुटखा लाने की डिमांड भी रख रहे कुछ लोग बढ़ रही ऐसे कॉल की संख्या।
आगरा, जागरण संवाददाता। अभी तो लॉकडाउन लागू हुए नौ दिन हुए हैं। इससे ज्यादा समय और काटना है। घर के बाहर लक्ष्मण रेखा खिंची है। ऐसे में बहुत से लोग अपनी जरूरतों के लिए पुलिस को फोन कर रहे हैं तो कुछ पुलिस को कॉल कर अपनी अजीब फरमाइशें भी रख रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से पुलिस अधिकारियों के नंबर पर अजीब फरमाइशों की कॉल आ रही है। अधिकारी उन्हें समझाकर फोन काट देते हैं। ऐसी कॉल्स की संख्या दिनों दिन बढ़ रही है।
लॉकडाउन में बाजार पूरी तरह बंद हैं। लोग घरों में रहते हैं। ऐसे में नशे के आदी लोगों के दिन घर में नहीं कट रहे। वे पुलिस कंट्रोल रूम के साथ पुलिस अधिकारियों को भी कॉल करने में नहीं हिचक रहे। चूंकि पुलिस लोगों के घर तक राशन और खाना भी पहुंचा रही है। कंट्रोल रूम या अधिकारियों पर सीधे आने वाले कॉल्स पर लोगों के घर खाना पहुंचा दिया जाता है। ऐसे में नशे के आदी लोग भी अपनी फरमाइश रखने लगे हैं।
कॉल्स की बढ़ी संख्या
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि उनके मोबाइल के सीयूजी नंबर पर कॉल्स की संख्या लॉकडाउन के बाद काफी बढ़ गई है। लोग अपनी जरूरतों को कॉल करते हैं तो संबंधित थानेदारों को बताकर उनकी मदद करा दी जाती है। कुछ लोग जानकारी को कॉल करते हैं तो कुछ अजीब फरमाइशें भी रखते हैं। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि अब उनके मोबाइल के सीयूजी नंबर पर औसतन 500 कॉल्स आती हैं। पिछले कुछ दिनों से लोग ऐसी फरमाइश रख रहे हैं, जिन्हें पूरा नहीं किया जा सकता।
हलो पुलिस, दूरदर्शन नहीं आ रहा
कमला नगर से दो दिन पहले एक महिला की कॉल आई। उनका कहना था कि टीवी में दूरदर्शन चैनल नहीं आ रहा। उन्हें रामायण देखनी है। उनकी मदद करें। एसपी सिटी ने उन्हें समझाया। इसके बाद भी वे समझने को तैयार नहीं थीं। उन्होंने अंत में मदद का आश्वासन देकर कॉल डिस्कनैक्ट कर दी। मंगलवार को उनके मोबाइल पर कॉल करके युवक ने कहा कि शराब की दुकान नहीं खुल रही। बहुत समस्या हो रही है। वह यह भी कहने लगा कि इसके लिए सरकारी आदेश तो नहीं है। एक युवक ने बुधवार को उन्हें गुटखा पहुंचवाने को कॉल किया। उसका कहना था कि गुटखा खत्म हो गया है। तलब लग रही है और दुकानें बंद हैं। ऐसी कॉल्स पुलिस कंट्रोल रूम में भी आ रही हैं।
नवरात्र के बाद बढ़ेगी दिक्कत
लॉकडाउन में नवरात्र समाप्त होने के बाद दिक्कत बढ़ने वाली है। गुरुवार को रामनवमी का पूजन है। इसके बाद शहर के युवा जो दृढ़ निश्चय कर नियम का पालन कर रहे हैं। आज रात से तलबगार बैचेन होंगे। इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी तमाम मैसेज चल रहे हैं। इन तलबगारों को अब कंट्रोल करना मुश्किल होगा।