Parking Dispute: आगरा के संजय प्लेस में फिर निकला पार्किंग विवाद का जिन्न, अब बनी ये वजह
Parking Dispute नगर निगम ने 38 ब्लाक में पार्किंग ठेका उठाने को निकाला है टेंडर। टेंडर प्रक्रिया का संजय प्लेस के व्यापारियों द्वारा विरोध किया जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर पार्किंग के खिलाफ व्यापारियों ने आवाज बुलंद कर दी है।
आगरा, जागरण संवाददाता। संजय प्लेस में पार्किंग विवाद का जिन्न फिर बाहर निकल आया है। नगर निगम ने संजय प्लेस में 38 ब्लाक में पार्किंग का ठेका उठाने के लिए टेंडर निकाला है। टेंडर प्रक्रिया का संजय प्लेस के व्यापारियों द्वारा विरोध किया जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर पार्किंग के खिलाफ व्यापारियों ने आवाज बुलंद कर दी है। जल्द ही इसके खिलाफ विधिक कार्यवाही का भी योजना तैयार की जा रही है।
संजय प्लेस में पिछले साल नगर निगम ने पार्किंग का ठेका उठाया था। इसका संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन ने विरोध किया था। इसको लेकर इस वर्ष की शुरुआत में दो माह तक व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन भी किया था। प्रशासन के हस्ताक्षेप पर न्यायालय का आदेश आने तक पार्किंग स्थगित करने के आश्वासन के बाद ही धरना समाप्त हुआ था। इसके बाद से संजय प्लेस में पार्किंग स्थगित हो गई थी। मगर, 24 नवंबर को नगर निगम ने फिर से संजय प्लेस की पार्किंग उठाने के लिए टेंडर निकाल दिया है। नगर निगम की इस प्रक्रिया से संजय प्लेस के व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि जब पार्किंग विवाद न्यायालय में विचाराधीन है तो नगर निगम पार्किंग का ठेका क्यों उठा रहा है। प्रशासन ने भी न्यायालय का निर्णय आने तक पार्किंग निरस्त करने की बात कही थी। एसोसिएशन के सचिव हीरेन अग्रवाल का कहना है कि संजय प्लेस में पार्किंग उठाने का अधिकार नगर निगम के पास नहीं है। व्यापारियों ने जब दुकानें खरीदी थीं तो एडीए ने उन्हें पार्किंग बनाकर दी थीं। कागजों में भी दर्ज है। इसके बाद भी नगर निगम व्यापारी और जनता का उत्पीड़न करने को पार्किंग का ठेका उठा रहा है। यह विवाद न्यायालय में 2008 से विचाराधीन है। अगर नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया निरस्त नहीं की तो इसके खिलाफ व्यापारी विधिक राय लेकर आगे की कार्रवाई करेंगे।