ऑस्कर प्रेसीडेंट ने पत्नी के साथ किया ताज का दीदार और कह उठे वाह ताज
पत्नी कैरल लिटिलटन के साथ ताज के साये में खिंचवाए फोटो। डिप्टी सीएम ने की थी होटल अमर विलास में अगवानी। मेयर ने कराया ताज का भ्रमण।
आगरा, जागरण संवाददाता। ऑस्कर प्रेसीडेंट जॉन बैली पत्नी पत्नी कैरल लिटिलटन के साथ ताज का दीदार करने पहुंच चुके हैं। करीब एक घंटे से ताज महल का भ्रमण कर रहे ऑस्कर प्रेसीडेंट ताज के इतिहास को जानने में खासी रुचि भी दिखा रहे हैं। ताज महल की दीवारों पर हो रही पच्चीकारी उन्हें खासा आकर्षित कर रही है। ताज की खूबसूरती देख वे वाह ताज कहे बिना नहीं रह सके।
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे दिल्ली से आगरा सड़क मार्ग से बैली दंपति होटल अमर विलास पहुंचे थे। यहां उनकी अगवानी प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने की। इसके बाद करीब एक घंटे तक उपमुख्यमंत्री और ऑस्कर प्रेसीडेंट की बैठक हुई। बैठक में फिल्म उद्योग पर चर्चा के साथ अन्य बिंदुओं पर भी विमर्श हुआ। इसके बाद बैली दंपति ताज महल का भ्रमण करने के लिए गोल्फ कार्ट से होटल परिसर से निकले। इस दौरान उनके साथ मेयर नवीन जैन भी मौजूद थे। ताज भ्रमण के दौरान डायना सीट का मोह ऑस्कर प्रेसीडेंट भी नहीं छोड़ सके। यहां बैठकर अपनी हमसफर के साथ उन्होंने फोटो भी खिंचवाए। बैली दंपति रात्रि विश्राम आगरा में ही करेंगे और सुबह दिल्ली रवाना होंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप