Organ Donation Campaign: ऑनलाइन अभियान से जुड़े ताजनगरी के हजारों लोग, आप भी बन सकते हैं हिस्सा
Organ Donation Campaign फाॅग्सी अध्यक्ष डॉ अल्पेश की पहल पर देशवासी आ रहे आगे। आगरा कीं डा. निहारिका मल्होत्रा देश में युवाओं को कर रहीं प्रोत्साहित।
आगरा, जागरण संवाददाता। आप किसी को नया जीवन दे सकते हैं। आप किसी के चेहरे पर फिर मुस्कान ला सकते हैं। आप फिर से किसी को ये दुनिया दिखा सकते हैं। मन की महानता की इसी कोशिश के साथ फेडरेशन ऑफ ऑब्सटेट्रिकल एंड गायनेकोलाॅजिकल सोसायटी (फाॅग्सी) ने देश में अंगदान अभियान को जोरदार तरीके से आगे बढ़ाया है। आगरा कीं युवा डाॅक्टर निहारिका मल्होत्रा इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व में न सिर्फ आगरा बल्कि देश भर में हजारों युवा अंगदान का संकल्प ले रहे हैं।
फाॅग्सी के अध्यक्ष डा. अल्पेश गांधी हैं। उनके निर्देशन में फाॅग्सी देश भर में अंगदान महादान का ऑनलाइन अभियान चला रही है। डॉ जयदीप टंक, डा. अतुल गनात्रा और फाॅग्सी यंग टेलेंट कमेटी कीं चेयरपर्सन डा. निहारिका मल्होत्रा को इस अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत एक जुलाई यानि डाॅक्टर्स डे तक 30000 लोगों को ऑनलाइन शपथ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद एक जुलाई को ही अंगदान विषय पर वेबिनार के जरिए एक बड़ी चर्चा रखी गई है, जिसका उद्घाटन अहमदाबाद में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन करेंगे और देश भर के साथ ही आगरा के सैंकड़ों लोग इसमें शामिल होंगे। डा. निहारिका मल्होत्रा आगरा में डाॅक्टरों सहित हजारों लोगों को प्रोत्साहित कर चुकी हैं। वह देश भर में डाॅक्टरों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। उन्होंने अपनी संस्था स्मृति को भी इसमें शामिल किया है। इसमें लोग अंगदान महादान के एक डिजाइनर कार्ड के साथ अपना फोटो शेयर करते हैं। बाद में इन सभी लोगों को फाॅग्सी द्वारा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। फिलहाल यह अभियान तेजी से चल रहा है और आगरा वासियों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।
बता दें कि डॉ निहारिका अपनी संस्था स्मृति के माध्यम से निर्धन बच्चों को शिक्षित करने की मुहिम चलाए हुए हैं। तमाम अवसरों पर वे बच्चों को उपहार देने के साथ खुशियां साझा करती हैं। बच्चों में डॉ निहारिका डॉक्टर दीदी के नाम से प्रसिद्ध हैं।