शहर के एक और नामचीन डॉक्टर दंपती पर भी Corona Virus का साया
न्यूरो सर्जन के बाद विजय नगर क्षेत्र की गायनोकॉलोजिस्ट पॉजीटिव। सर्जन पति की भी कोरोना जांच।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में एक और बड़ी खबर गुरुवार रात आई है। देश-दुनिया में प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन के बाद अब एक और नामचीन डॉक्टर दंपती पर कोरोना वायरस का साया है। स्त्री रोग विशेषज्ञ पत्नी पॉजीटिव हैं और उनके पति भी संदिग्ध हैं। इससे यह साफ है कि कोरोना वायरस का खतरा कम होने की बजाय बढ़ ही रहा है। न्यूरो सर्जन के अलावा ये डॉक्टर दंपती भी इलाज कराने के लिए मेदांता अस्पताल पहुंच चुके हैं।
गुरुवार रात आई रिपोर्ट कुछ ज्यादा ही चौंकाने वाली निकली है। पुरानी विजय नगर कॉलोनी क्षेत्र के नामचीन अस्पताल संचालक स्त्री रोग विशेषज्ञ का कोरोना टेस्ट पॉजीटिव आया है। उनके डॉक्टर पति का भी कोरोना टेस्ट हुआ है, हालांकि वह स्थानीय स्तर पर न होने से रिपोर्ट अभी साफ नहीं है। पत्नी गायनोकॉलोजिस्ट हैं और पति सर्जन। पति को अपेंडिक्स के ऑपरेशन करने में महारत हासिल है। इस हॉस्पिटल में भी आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज आते हैं, साथ ही विजय नगर कॉलोनी क्षेत्र में सभी लोगों को यह अस्पताल चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराता है। करीब एक माह पहले इस अस्पताल में एक युवक का ऑपरेशन हुआ था, जो बाद में कोरोना पॉजीटिव पाया गया था। सूत्रों के मुताबिक डॉक्टर दंपती का उपचार मेदांता में चल रहा है। लेडी डॉक्टर को डायबिटीज की भी शिकायत बताई जा रही है। शहर के तीन बड़े डॉक्टर्स के कोरोना संक्रमित होने पर चिकित्सक कम्युनिटी में हलचल है। कुछ दिन पहले ही प्रशासन ने आइएमए के पदाधिकारियों के साथ निजी क्षेत्र में इलाज की सुविधा आरंभ कराई थी, लेकिन अब जिस तरह का हाल है, उसे देखकर प्राइवेट सेवाएं दे रहे डॉक्टर्स डरने लगे हैं। हालांकि इन सभी में कोविड-19 से बचाव के सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं एक खबर यह भी है कि आगरा-दिल्ली हाईवे पर प्राइवेट मेडिकल कॉलेज के निदेशक भी कोरोना पॉजीटिव आए हैं। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।