खंदौली गोलीकांड: ढाई घंटे चले ड्रामे के बाद हत्या का आरोपित लिया गया हिरासत में Agra News
खंदौली के गांव गढ़ी राठौर की घटना। रास्ते में पड़ी पाइप लाइन बनी विवाद क वजह।
आगरा, जागरण संवाददाता। खंदौली के गांव गढ़ी महाराज में मामूली बात पर हुआ विवाद खूनी बन गया। मारपीट के बाद बात इतनी बढ़ी कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपित खेत पर बने एक मकान में छुप गया। आक्रोशित भीड़ को काबू करते हुए करीब ढाई घंटे बाद पुलिस आरोपित को िगिरफ्तार कर अपने साथ लेकर गई। लोगों के गुस्से को देख जिले से और फोर्स को बुलाया गया था।
मामले के अनुसार सैमरा गांव के मजरा गढ़ी राठौर निवासी मुन्ना, विजय सिंह और एक अन्य अपनी बोलेराेे गाड़ी की सर्विस कराने के लिए सादाबाद जा रहे थे। पड़ोसी गांव गढ़ी महाराज से बुलेराेे गुजर रही थी। गांव निवासी प्रवीन अपने आलुओं के खेत में पानी लगा रहा था। तभी बोलेराेे का पहिया पानी के पाइप पर चढ़ गया। इससे पाइप फट गया। पाइप लाइन फटने से प्रवीन की गुस्से में बोलेराेे सवार मुन्ना और अन्य से कहासुनी हो गई। आवेश में आकर प्रवीन ने मुन्ना पर हाथ उठा दिया। इस दौरान प्रवीन के साथ खेत पर काम करने वाले दो लड़के भी थे। विवाद की सूचना मुन्ना और विजय ने अपने गांव में दे दी। इसके बाद गढ़ी राठौर से गाडि़यों में भरकर लोग पहुंच गए। इन लोगों में अमित पुत्र विजेंद्र सिंह भी शामिल था। दोनों पक्षों में जमकर विवाद होने लगा। इतनी ही देर में प्रवीन अपने घर से तमंचा उठा लाया और अमित के सीने में गोली दाग दी। अमित की मौके पर ही मौत हो गई। गोली मारते ही प्रवीन वहां से भागकर घटना स्थल से पांच मीटर दूर सेमरा के रहने वाले इंद्रवीर सिंह के घर में घुस गया। उसका पीछा करते हुए अमित के गांव के लोग वहां पहुंच गए और मकान घेर लिया। आक्रोशित भीड़ घर में तोड़फोड़ करती उससे पहले ही वहां से गुजर रहा सिपाही मौके पर पहुंच गया और थाना पुलिस को सूचना दे दी। सर्किल का फोर्स मौके पर पहुंच गया। घर की छत पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। लोगों का गुस्सा देख आरोपित को बाहर नहीं निकाला गया। जिले के फोर्स के पहुंचने के बाद हत्यारोपित को मकान से बाहर निकाला गया। पुलिस आरोपित प्रवीन को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। सारा घटनाक्रम करीब ढाई घंटे तक चला।