हाईवे पर देर रात मुठभेड़, गो तस्करों से पुलिस का आमना-सामना, एक ढेर Agra News
चार साथी भी गिरफ्तार अंधेरे का फायदा उठाकर दो भाग निकले। दो पुलिसकर्मियों को भी लगी गोली सीओ पर भी किया फायर।
आगरा, जेएनएन। नेशनल हाईवे पर दौताना के पास रविवार देर रात 2.30 बजे छाता पुलिस की गो तस्करों से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से करीब तीस मिनट तक चली फायरिंग में एक गो तस्कर की मौत हो गई और दो घायल हो गए। दो तस्कर अंधेरा का फायदा उठाकर भाग गए। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी को भी गोली लगी है। सीओ पर भी गोली चलाई, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वह बच गए।
गो तस्करों की सूचना पर पुलिस ने रात दो बजे केडी मेडिकल पुलिस चौकी पर नाकाबंदी कराई। रात करीब ढाई बजे मथुरा की ओर से सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी आती दिखी। पुलिस के रोकने पर चालक ने नाकेबंदी तोड़ वाहन को रफ्तार दे दी। पुलिस ने पीछा किया तो गो तस्करों ने फायङ्क्षरग कर दी। सीओ छाता जगदीश कालीरमन और इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने जवाबी फायरिंग की। गो तस्करों की गाड़ी डिवाइडर में फंसी तो भागते हुए फायरिंग करते रहे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मेवात जिले के नूंह थाना के गांव देवड़ा निवासी बिल्लू, कंसारी निवासी अफसर, नगीना थाने के गांव कंसारी-देवड़ा के यूनुस घायल हो गए। उटाबड़ निवासी इरफान और सादिक को पुलिस ने दबोच लिया। मुठभेड़ में सीओ के हमराह सिपाही महेंद्र और छाता इंस्पेक्टर के हमराह राहुल बालियान के पैर में रगड़ते हुए गोली निकल गई। सीओ छाता के सीने में गो तस्करों ने गोली चलाई। बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण वह बच गए।
घायल अफसर, बिल्लू और यूनुस को केडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां अफसर ने दम तोड़ दिया। सूचना पर आइजी ए सतीश गणेश, एसएसपी गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा, एसपी क्राइम राधेश्याम राय भी घटनास्थल पर पहुंचे। आइजी ने बताया कि हरियाणा के थाना पुन्हाना के गांव खाईका निवासी काला और हनीफ भाग गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। बोलेरो से पांच जिंदा और एक मरी हुई गाय बरामद हुई है।