International Yoga Day 2020: कोरोना काल में बढ़ गया योग का महत्व, अपनाया निरोग रहने का नुस्खा
International Yoga Day 2020 21 जून रविवार को छठेें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ताजनगरी के पार्कों में नागरिकों ने किया सामूहिक योग।
आगरा, जागरण संवाददाता। आज रविवार है। ये रविवार कुछ खास है, वह इसलिए कि जब पूरी दुनिया कोरोना वायरस से जूझ रही है और इम्युनिटी पावर के अभाव में तमाम देशों में हजारों लोग अपनी जान गवां चुके हैं। वहीं भारत आज, 21 जून को पूरी दुनिया को निरोग रहने का नुस्खा दे रहा है। छठें विश्व योग दिवस पर आगरा मंडल के सभी जिलों में सुबह से ही पार्क गुलजार हो गए। बच्चों से लेकर युवा और बुजुर्ग सभी ने योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया। कहीं प्रशिक्षक के निर्देशन में तो कहीं वरिष्ठ की देखरेख में। योग संस्कृति के महत्व को देश ने ही नहीं बल्कि दुनिया ने सिर आंखों पर लिया और आज छह वर्ष बाद कोरोना वायरस महामारी के इस दौर में योग को शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का सबसे कारगर तरीका माना जा रहा है। इस वर्ष की थीम भी कोरोना प्रकोप नियंत्रण उपाय पर ही केंद्रित रही। इसलिए आज हुए योग में लोगों ने श्वसन तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया।
हर पार्क में उमड़ी भीड़
आगरा में पालीवाल पार्क, आवास विकास में सेंट्रल पार्क, कमलानगर में जनक पार्क, बल्केश्वर पार्क के अलावा कॉलोनियों के पार्कों में सामूहिक रूप से योग दिवस मनाया गया। आसपास कस्बों में भी आयोजन हुए। वहीं मथुरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज मेंं भी योग दिवस पर लोग पार्कों और बगीचियों में जुटे तथा योग कर अपनी रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत किया।
क्या है थीम का महत्व
योगा एक्सपर्ट सारिका गुप्ता के अनुसार 2015 से हर साल 21 जून को पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाती है। लिहाजा, हर साल की तरह इस वर्ष भी योग दिवस को एक थीम दी गई थी, जिस पर कोरोना प्रकोप का स्पष्ट प्रभाव दिखाई दे रहा है। इस वर्ष घर पर रहते हुए ही परिवार के साथ योग करने का आह्वान किया गया था। घर पर योग, परिवार के साथ योग।
21 जून ही क्यों
भारतीय संस्कृति के अनुसार, ग्रीष्म संक्रांति के बाद सूर्य दक्षिणायन हो जाता है, जिसके बाद 21 जून वर्ष का सबसे बड़ा दिन माना जाता है। इस दिन सूर्य जल्दी उगता है और देर से डूबता है। इसीलिए 21 जून को ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस या विश्व योग दिवस के रूप में मनाए जाने को मान्यता दी थी। इस घोषणा के बाद 2015 से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरी दुनिया में मनाया जाने लगा।
अब तक की थीम
- 2015 की थीम थी सद्भाव और शांति के लिए योग।
- 2016 की थीम थी युवाओं को कनेक्ट करें।
- 2017 की थीम बनी स्वास्थ्य के लिए योग।
- 2018 की थीम थी शांति के लिए योग।
- 2019 की थीम थी योगा फॉर हार्ट।