Move to Jagran APP

वृद्ध महिला की हत्या, बंद फ्लैट में मिला शव

छत्ता के जीवनी मंडी का मामला मुकदमा दर्ज फ्लैट से आ रही थी दुर्गंध बाहर से लगा था ताला

By JagranEdited By: Published: Tue, 30 Nov 2021 08:49 PM (IST)Updated: Tue, 30 Nov 2021 08:49 PM (IST)
वृद्ध महिला की हत्या, बंद फ्लैट में मिला शव
वृद्ध महिला की हत्या, बंद फ्लैट में मिला शव

आगरा, जागरण संवाददाता। छत्ता क्षेत्र में वृद्ध महिला की हत्या कर दी गई। मंगलवार को फ्लैट में महिला का शव पड़ा मिला। बाहर से ताला लगा हुआ था। वे फ्लैट में अकेली रहती थीं। चार दिन पहले वृद्धा की बहन से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद किसी से संपर्क नहीं हुआ। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाशने का प्रयास कर रही है।

loksabha election banner

मूलरूप से मध्यप्रदेश के अंबाह निवासी 65 वर्षीय ऊषा गुप्ता 15 वर्ष से छत्ता क्षेत्र में जाटनी के बाग स्थित अपार्टमेंट में द्वितीय तल पर रहती थीं। ऊषा के पति राधेश्याम गुप्ता का सराफा का कारोबार था। पांच वर्ष पहले बीमारी से उनका निधन हो गया था। उनके कोई संतान नहीं थी। इसलिए वे फ्लैट में अकेली ही रहती थीं। ऊषा की बहन सुनीता एत्मादपुर में रहती हैं। शुक्रवार की शाम को पांच बजे सुनीता की ऊषा से बात हुई थी। इसके बाद बात नहीं हो पाई। सोमवार को सुनीता के पति राजकुमार ने कई बार ऊषा को काल किया मगर, काल रिसीव नहीं हुई। वे जानकारी करने अपार्टमेंट में पहुंचे। फ्लैट का बाहर से ताला लगा देखकर वे वापस चले गए। मंगलवार दोपहर में वे अन्य रिश्तेदारों के साथ फिर पहुंचे। फ्लैट में अंदर से दुर्गंध आ रही थी। पुलिस पहुंचने के बाद फ्लैट का ताला तोड़ा गया। अदंर देखा तो ऊषा का शव पलंग पर पड़ा मिला। मुंह के अंदर कपड़ा फंसा था। चेहरे पर चादर लिपटी हुई थी। खाल गल चुकी थी। शव तीन से चार दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। सीओ छत्ता दीक्षा सिंह ने बताया कि वृद्धा की बहन सुनीता गुप्ता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। उनकी किसी से रंजिश भी नहीं थी। सीसीटीवी कैमरों से हत्यारोपितों के बारे में सुराग तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। लूटपाट के लिए हत्या की आशंका

ऊषा के स्वजन ने लूट के लिए हत्या की आशंका जताई है। उनकी भाभी का कहना है कि फ्लैट में करीब 20 लाख रुपये से अधिक के गहने और नकदी रखी थी। कमरे में रखी अलमारी खुली पड़ी थी। जबकि दो कमरों में ताले लगे थे। जबकि ऊषा के ताले रखे हुए थे। आशंका है कि लूटपाट करने के बाद आरोपितों ने कमरों से अपने ताले लगा दिए होंगे। ऊषा की बहन सुनीता का कहना है कि वे कुछ दिन पहले ही बीस हजार रुपये ऊषा को देकर गई थीं। ये रकम भी नहीं मिली है। शादी समारोह में जाना था पर मौत ने न जाने दिया

जाटनी का बाग स्थित अपार्टमेंट में 32 फ्लैट हैं। ऊषा द्वितीय तल पर फ्लैट नंबर 203 में रहती थीं। सुनीता परिवार के साथ मध्यप्रदेश के सागर में एक शादी समारोह में गई थीं। इसमें ऊषा को भी जाना था। ऊषा ने वहां जाने से इन्कार कर दिया था। उनके फ्लैट के आसपास रहने वाले लोग भी कहीं शादी में गए थे। इसलिए घटना की जानकारी किसी को नहीं हो सकी। अपार्टमेंट के आसपास अधिकांश ट्रांसपोर्ट कंपनी और गोदाम व कार्यालय बने हैं। यहां काम करने वाले लोगों के बारे में भी पुलिस जानकारी कर रही है। मंदिर में व्यतीत करती थीं अधिक समय

अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने बताया कि ऊषा गुप्ता धार्मिक प्रवृत्ति की थीं। वे सुबह जल्दी उठकर जीवनी मंडी चौराहे के पास स्थित खाटू श्याम जी के मंदिर में पूजा करने जाती थीं। वहां काफी समय व्यतीत करती थीं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.