लड्डू बांट रहे बुजुर्ग की ऐसे हुई मौत, जानेंगे तो होश उड़ जाएंगे
मिठाई देने गए घर में हो रहा था झगड़ा, वहीं चली गोली, पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया, चार पर मुकदमा
अछनेरा (जागरण संवाददाता, आगरा): कचौरा गांव में विवाह की मिठाई बांट रहे बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मृतक के बेटे ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में रविवार रात को दबिश भी दी लेकिन उनका कहीं भी पता नहीं चल सका है।
गांव के भगवान सिंह के घर में शादी का माहौल है। पड़ोसी गोपीचंद (65) रविवार को लड्डू बांट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वे रिटायर्ड फौजी बच्चू सिंह घर पहुंचे। उस समय बच्चू सिंह और उनके तीन बेटे आपस में झगड़ रहे थे। इसी बीच चली गोली गोपीचंद के सीने को पार होकर दीवार में जाकर धंस गई। इससे वे वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर गई पुलिस ने लाइसेंसी राइफल को जब्त कर आरोपित बच्चू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीनों बेटे फरार हो गए। सीओ नम्रता श्रीवास्तव का कहना है कि आरोपित अपने बयान बदल रहा है। गोली किसने चलाई, फिलहाल उसने यह नहीं बताया है। मृतक के बेटे गौरीशंकर ने बच्चू सिंह और उसके बेटे ओमपाल, सुरेंद्र, कुशलपाल सिंह के खिलाफ तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
जीआरपी ने पकड़ा शातिर
आगरा: आगरा कैंट स्टेशन से रविवार सुबह 9:40 बजे जीआरपी ने झांसी साइड पर बने भवन के पास से शातिर को पकड़ा। पकड़ा गया अभियुक्त ¨रकू निवासी रुनकता है। उसके पास से चाकू, तीन मोबाइल फोन बरामद किए। जीआरपी कैंट थाना प्रभारी ललित त्यागी ने बताया कि अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है, जो ट्रेनों व स्टेशनों पर यात्रियों का सामान चोरी किया करता है।