कब्रिस्तान में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या
घुमंतू वृद्ध रहता था कब्रिस्तान में। छोटी उम्र में ही छोड़ दिया था घर। साथ के जुआरियों पर हत्या का शक।
आगरा(जागरण संवाददाता): मथुरा के कस्बा सौंख के कब्रिस्तान में सोमवार की सुबह एक 65 वर्षीय वृद्ध का लुहलूहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। वृद्ध की हत्या पीट-पीटकर की गई थी। मृतक कब्रिस्तान में ही रहता था। परिजनों ने दोपहर तक वारदात की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
कस्बा सौंख के पीली वाली गली मुहल्ला निवासी आजाद ने युवा अवस्था में घरबार छोड़ दिया था। वह घुमंतू हो गया और दूसरे शहर में कब्रिस्तान में रहने लगा। पिछले महीने ही जून में वह अपने गांव लौटकर आया था लेकिन इस बार भी घर की जगह कब्रिस्तान में बने एक कमरे में ही रहने लगा।
सोमवार सुबह आजाद का शव कमरे में पड़ा मिला। उसके सिर से खून बह रहा था और शरीर पर चोट के निशान साफ नजर आ रहे थे। घटना स्थल पर संघर्ष के भी चिन्ह बने हुए थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि जैसे उसने हत्यारों से अपनी जान बचाने के लिए काफी संघर्ष किया होगा। आजाद की हत्या में एक से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान पुलिस लगा रही है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि आजाद के पास जुआरी, सटोरिया और शराबियों का उठना-बैठना लगा रहता था। रात को इन्हीं लोगों से उसका झगड़ा हुआ होगा और उसकी हत्या कर दी गई होगी। मृतक के भतीजे जन्नत ने बताया कि वह इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाह रहे हैं। चौकी इंचार्ज अमित चौहान ने बताया कि परिजनों ने जो तहरीर दी है, उसके मुताबिक आजाद कब्रिस्तान में काम करता था। काम करते समय वह फिसल गया और सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई।