यात्रीगणों के लिए अच्छी खबर, अब इन स्टेशनों पर मिल सकेगा त्वरित उपचार Agra News
कैंट और मथुरा स्टेशन पर अब 24 घंटे मिलेगा इलाज!
आगरा, गौरव भारद्वाज। केरला एक्सप्रेस में तबीयत खराब होने से पांच यात्रियों की मौत के बाद अब रेलवे द्वारा स्टेशन पर यात्रियों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। आगरा मंडल में आगरा कैंट और मथुरा स्टेशन पर प्राथमिक चिकित्सा कक्ष बनाया जा रहा है। यहां पर हर समय एक डॉक्टर तैनात रहेगा।
ट्रेन में यात्रियों की तबीयत खराब होने पर स्टेशन पर तत्काल उपचार की सुविधा नहीं होती है। गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति के इलाज के लिए डॉक्टर को बुलाना पड़ता है। ऐसे में कभी-कभी समय पर बीमार यात्री को इलाज नहीं मिल पाता है। ऐसे में आगरा मंडल के आगरा कैंट स्टेशन और मथुरा स्टेशन पर अब प्राथमिक उपचार कक्ष बनाया जा रहा है। कैंट स्टेशन पर इसके लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर कमसम रेस्टोरेंट के बराबर में चिकित्सा कक्ष बनाया जा रहा है। यहां पर हर समय एक डॉक्टर की ड्यूटी रहेगी। जल्द ही यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी। सीनियर डीसीएम आशुतोष सिंह ने बताया कि यात्रियों का समय पर इलाज मिल सके इसके लिए स्टेशन पर ही अब चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। अभी बड़े स्टेशनों पर ही यह सुविधा उपलब्ध होगी।
मथुरा में समय से नहीं पहुंच पाते चिकित्सक
मथुरा और आगरा पर्यटक नगरी होने के कारण यहां हर दिन बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक टे्रन से सफर करते हैं। ऐसे में कभी किसी की तबीयत बिगडऩे पर मथुरा स्टेशन पर समय से चिकित्सक नहीं पहुंच पाते हैं। इसलिए अब मथुरा स्टेशन पर ही चिकित्सीय कक्ष बनाने की तैयारी चल रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप