Back to Home: वापिस आईं वृद्धाश्रम से भागी युवतियां, पैरों पर खड़े होने को लांघी थी सीमा
Back to Home कैलाश मंदिर के पास स्थित रामलाल आश्रम से 15 नवंबर की रात को गई युवतियां लौटीं। पुलिस काे बताया कि वह आश्रम से कुछ बनने के लिए निकली थीं। गलती का अहसास होने पर खुद ही लौटकर आ गईं।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा के कैलाश मंदिर के पास स्थित रामलाल वृद्ध आश्रम से दस दिन पहले गायब हुई दोनों युवतियां लौट आई हैं। युवतियों ने पुलिस को बताया कि वह अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती थीं । कुछ बनने की ठान करके आश्रम से निकली थीं। मगर, आश्रम से बाहर निकलने के बाद उन्हें अपनी गलती का अहसास होने पर लौट आईं।
रामलाल आश्रम से 15 नवंबर की रात को वहां रहने वाली दो युवतियां चली गई थीं। आश्रम के लोगों को 16 नवंबर की सुबह इसकी जानकारी हुई थी। आश्रम के लोग सुबह उठे तो उन्हें पीछे के गेट का ताला टूटा मिला। दोनों युवतियां जब नहीं दिखाईं दीं तो उनके गायब होने की आशंका पर स्टाफ में अफरातफरी मच गई थी। आश्रम की ओर से सिकंदरा थाने में दोनों युवतियों की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद रेलवे और बस स्टैंड समेत अन्य संभावित स्थानों पर उनकी खोजबीन की गई।
आश्रम में लौटी दोनों युवतियों ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से गई थीं। वह कुछ बनना चाहती थीं। मगर, बाहर निकलने के बाद उन्हें अपने द्वारा उठाए गए गलत कदम का अहसास हुआ। इंस्पेक्टर सिकंदरा अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों युवतियां लौट आई हैं।