विकास के दीप जलाकर सियासत की मंजिल का रास्ता रोशन करेगी भाजपा
चुनाव से पहले योजनाओं के प्रचार और जनता की नब्ज थामने को भाजपा ने तैयार की नई रणनीति। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के हर लाभार्थी के घर पर गणतंत्र दिवस को जलाएंगे दीप।
आगरा [दिलीप शर्मा]: देश की सियासत में सबसे अहम माने जा रहे आगामी लोकसभा चुनाव के लिए विरोधी तो अभी मंसूबे बनाने में ही जुटे हैं। लेकिन, भाजपा है कि पहले ही मैदान में उतर चुकी है। संगठन के सहारे जनता तक संपर्क की नित नई रणनीति अपनाई जा रही है। अब सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर तक पहुंच बनाने के लिए गणतंत्र दिवस पर दीपोत्सव का दांव खेला जाएगा।
वर्ष 2014 में मोदी लहर के सहारे ऐतिहासिक जीत हासिल कर चुकी भाजपा, अगले चुनाव में इसे दोहराने को ताकत झोंक रही है। इसमें सबसे ज्यादा जोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता वाली और गरीबों के कल्याण वाली योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर है। बूथ समितियों को बाकायदा इसका जिम्मा दिया जा चुका है। अब संगठन को हर लाभार्थी के घर पहुंचने को कहा गया है।
रणनीति के तहत मैनपुरी जिले में हर योजना के लाभार्थी से संपर्क किया जा रहा है। आगामी गणतंत्र दिवस पर उनके घरों में भाजपा नेता-कार्यकर्ता पहुंचकर विकास का एक दीप प्रकाशित कराएंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस रणनीति के कई फायदे माने जा रहे हैं। इसमें सबसे पहले तो लाभार्थी परिवार का झुकाव पार्टी की तरफ बढ़ेगा। दूसरी तरफ जब दीप जलाने का कार्यक्रम होगा तो उसके क्षेत्र के अन्य लोगों को भी योजना और भाजपा की नीति की जानकारी मिल जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने बताया कि सभी कार्यकर्ता अभी से इसकी तैयारी में जुटे हैं। यह अपने आप में अनूठा कार्यक्रम होगा। विकास का दीप हर लाभार्थी के घर जलेगे, भले ही वह किसी भी राजनीतिक विचारधारा का हो।
कमल के आकार का होगा दीप
भाजपा विशेष तौर पर इसके लिए दीपक तैयार करा रही है। मोम के ये दीपक कमल के आकार के होंगे जो जिला संगठन को उपलब्ध कराए जाएंगे।
सूची तैयार करने में जुटी पार्टी
संबंधित योजनाओं की संख्या करीब आधा दर्जन से अधिक है और उनके लाभार्थियों की संख्या लाखों में है। ऐसे में पार्टी ने अभी से सरकारी विभागों लाभार्थियों की सूची एकत्र करना शुरू कर दिया है।
प्रमुख योजनाएं और उनके लाभार्थी
स्वच्छ भारत मिशन - 1.88 लाख
उज्जवला योजना - 1 लाख
सौभाग्य योजना - 1.47 लाख