विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में NCTE का राष्ट्रीय सम्मेलन: 'समर्थ शिक्षक-सशक्त भारत' थीम पर NEP 2020 को मिलेगा बढ़ावा

Published: Mon, 26 Oct 2026 05:59 PM (IST)

राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) 27-28 अक्टूबर 2026 को आगरा में 'समर्थ शिक्षक - सशक्त भारत' विषय पर दो-दिवसीय राष्ट्रीय ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. NCTE का दो-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आगरा में 27-28 अक्टूबर 2026 को।

  2. 'समर्थ शिक्षक - सशक्त भारत' थीम पर NEP 2020 के उद्देश्य।

  3. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी उद्घाटन, 'पुष्टि' और 'मित्र' पर जोर।

डिजिटल टीम, आगरा/नई दिल्ली। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के उद्देश्यों को गति देने और अध्यापकों के व्यावसायिक कौशल को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) द्वारा 27 और 28 अक्तूबर, 2026 को आगरा में दो-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के सांविधिक निकाय NCTE द्वारा आयोजित यह सम्मेलन डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के जयप्रकाश सभागार में आयोजित होगा। “समर्थ शिक्षक - सशक्त भारत” के मार्गदर्शी विषय पर केंद्रित यह आयोजन शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड के तहत 'पुष्टि' (राष्ट्रीय शिक्षक व्यावसायिक मानक) और 'मित्र' (राष्ट्रीय मेंटरिंग मिशन) के प्रभावी अंगीकरण तथा चरणबद्ध क्रियान्वयन की कार्ययोजना पर आधारित होगा। 

राज्यपाल करेंगी उद्घाटन, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री का होगा वीडियो संदेश

सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी का विशेष वीडियो संदेश भी प्रसारित किया जाएगा।
 
कार्यक्रम में NCTE के अध्यक्ष प्रो. पंकज अरोड़ा, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी, संस्कृत संवर्धन प्रतिष्ठान के निदेशक प्रो. चांद किरण सलूजा सहित देश के कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद, नीति निर्माता और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भाग लेंगे। 

उत्तरी राज्यों के क्षमता निर्माण और संस्थागत मार्गदर्शन पर जोर

यह राष्ट्रीय सम्मेलन उत्तर भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों - उत्तर प्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख - —में 'पुष्टि' और 'मित्र' की पहलों को धरातल पर उतारने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा।

शिक्षकों के लिए व्यावसायिक मानक: अध्यापकों की दक्षताओं के विकास, मूल्यांकन और डिजिटल ऑनबोर्डिंग के लिए स्पष्ट मानक स्थापित करना।

राष्ट्रीय मेंटरिंग मिशन: अनुभवी मेंटर्स के माध्यम से शिक्षकों को सहकर्मी शिक्षण और निरंतर संस्थागत मार्गदर्शन उपलब्ध कराना।

250 से अधिक विशेषज्ञ करेंगे विचार-विमर्श

इस दो-दिवसीय मंथन में उत्तरी राज्यों के स्कूल शिक्षा निदेशालयों, राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषदों, उत्कृष्ट जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों और नामित राज्य नोडल अधिकारियों सहित 250 से अधिक प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे।
 
इसके साथ ही केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति और सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षक भी इन तकनीकी सत्रों में शामिल होकर NEP 2020 की प्राथमिकताओं को लागू करने की रूपरेखा तैयार करेंगे।