House Tax जमा न करने वालों पर नगर निगम की नजर अब टेढ़ी, भेजे जा रहे नोटिस Agra News
वर्ष 2012 से 2019 तक के बीच एक से दो बार ही जमा किया है हाउस टैक्स। ऐसे 1.15 लाख भवन स्वामी चिन्हित।
आगरा, जागरण संवाददाता। नगर निगम प्रशासन के फंदे में 1.15 लाख भवन स्वामी आ गए हैं। यह ऐसे भवन स्वामी हैं। जिन्होंने एक-दो बार ही टैक्स जमा करने के बाद बंद कर दिया। निगम प्रशासन इन्हें नोटिस जारी कर रहा है। साथ ही ऐसे भवन स्वामियों की संपत्तियों का मूल्यांकन भी कराया जा रहा है जिससे टैक्स चोरी पकड़ में आ सके।
नगर निगम में अभी तक 1.80 लाख भवन स्वामी थे। इनकी संख्या बढ़कर 3.15 लाख हो गई है। वहीं अभी तक 15 हजार व्यावसायिक भवन थे जो अब बढ़कर 47 हजार हो गए हैं। निगम प्रशासन ने वर्ष 2012 से अप्रैल 2019 तक जमा कराए गए हाउस टैक्स के एक-एक बिल की जांच की जिसमें पाया गया कि 1.15 लाख भवन स्वामी ऐसे हैं। जिन्होंने एक-दो बार ही टैक्स जमा कराया है और फिर बिना किसी कारण के टैक्स जमा कराना बंद कर दिया है। हाउस टैक्स साल में एक बार जमा कराना होता है। ऐसे भवन स्वामियों का सर्वे शुरू हो गया है।
19 करोड़ की वसूली
अप्रैल से सितंबर तक नगर निगम की टीम ने 19 करोड़ रुपये की वसूली की है। इस वित्तीय साल में 60 करोड़ रुपये के टैक्स वसूली का लक्ष्य सदन ने निर्धारित किया है।
ये है हाउस टैक्स की वसूली का लक्ष्य
वित्तीय वर्ष का नाम, लक्ष्य, कुल वसूली
- एक अप्रैल से दस सितंबर 2019, 60 करोड़, 19 करोड़ रुपये
- 2018-19, 50 करोड़, 50 करोड़
- 2017-18, 27 करोड़, 30 करोड़
- 2016-17, 25 करोड़, 18 करोड़
नोटिस जारी किए जा रहे
1.15 लाख भवन स्वामी बढ़ गए हैं। जांच में पाया गया कि भवन स्वामियों ने एक से दो बार टैक्स जमा किया। इन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
अरुण प्रकाश, नगरायुक्त