नाली को कवर कराना पड़ा कमलानगर वालों को महंगा, लगा लाखों का फटका Agra News
नगर निगम ने सी ब्लॉक कमलानगर के 23 लोगों को दिए नोटिस। 15 दिनों में खुद तोडऩा होगा रैंप व अन्य अतिक्रमण।
आगरा, जागरण संवाददाता। अवैध कब्जों के खिलाफ इस समय नगर निगम फुल एक्शन में है। अतिक्रमण से कराह रहे शहर की गलियों और सड़कों को मुक्त कराने का नगर निगम प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया है। निगम प्रशासन ने पहली बार अतिक्रमण हटाने का विधिक नोटिस दिया है। साथ ही जुर्माना भी तय किया है। 15 दिनों के भीतर खुद अतिक्रमण न हटाने पर जुर्माना वसूला जाएगा और विधिक कार्रवाई भी होगी।
शहर की शायद ही कोई गली या फिर सड़क होगी जहां अतिक्रमण नहीं होगा। इसे लेकर नगर निगम की टास्क फोर्स लगातार अभियान चला रही है। अभियान के 24 घंटे बाद ही फिर से अतिक्रमण हो जाता है। निगम प्रशासन हर क्षेत्र में सर्वे करा रहा है। सी ब्लॉक कमलानगर में हुए सर्वे में 23 लोग मिले, जिन्होंने नाली को पाटकर रैंप बना लिया है। फुटपाथ पर कब्जा कर बागवानी या फिर क्यारी लगा दी है। ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया और फिर नोटिस जारी किया गया है। कोल्ड स्टोरेज ऑनर्स एसोसिएशन के सचिव राजेश गोयल और व्यापारी अमर मित्तल पर 8.58 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं सबसे कम जुर्माना राजकुमार मसीन पर 51534 रुपये का है।
ये है जुर्माना लगाने का आधार
नगर निगम की टीम ने भवन स्वामी द्वारा कुल कितनी जमीन पर अतिक्रमण किया है। यह निकाला गया। फिर 50 रुपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से चार्ज लगाया गया। एक साल में यह 600 रुपये हुआ। वहीं 100 रुपये प्रति वर्ग फीट मलबा शुल्क का लिया जाएगा। इस तरह से 700 रुपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से जुर्माना लगाया गया है।
कार्रवाई का यह है आधार
उप्र नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 258-ए, उप्र प्रीवेंशन ऑफ डेमिजेज टू पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट की धारा 3, भारतीय दंड संहिता की धारा 268, 441, 447 शामिल है।
सी ब्लॉक, कमलानगर के किस क्षेत्रीय निवासी पर कितना जुर्माना
मकान नंबर भवन स्वामी का नाम जुर्माना की राशि
5 राजेश गोयल 8.58 लाख
7 अमर मित्तल 8.58 लाख
9 सुरेश गर्ग 1.52 लाख
11 गिरीश अग्रवाल 1.50 लाख
13 तिलक खुराना 1.66 लाख
19 श्रीनाथ गुप्ता 3.08 लाख
21 दिनेश प्रताप सिंह 2.04 लाख
23 मोहन लाल मित्तल 2.14 लाख
25 मुकेश गर्ग 2.25 लाख
26 ताराचंद्र गर्ग 3.31 लाख
27 राकेश गर्ग 88151
29 दिलीप जैन 1.87 लाख
31 राजीव मित्तल 2.56 लाख
32 महावीर प्रसाद सिंघल 1.32 लाख
34 महावीर प्रसाद सिंघल 1.45 लाख
35 राकेश गुप्ता 1.67 लाख
41 सुखदेव सिंह 1.13 लाख
42 भरत महाजन 1.05 लाख
44 ओपी शर्मा 1.39 लाख
45 राजकुमार मसीन 51534
46 दीपक अग्रवाल 77750
49 जीआर सिंह 1.90 लाख
50 दिनेश अग्रवाल 2.45 लाख
'कमलानगर सी ब्लॉक के 23 लोगों को नाली-नाले पर अतिक्रमण करने पर नोटिस और उन पर जुर्माना लगाया गया है। 15 दिनों की मोहलत दी गई है'।
एके सिंह, अधिशासी अभियंता, ट्रैफिक नगर निगम