शहर के सबसे बड़े नाले पर गरजा महाबली, अतिक्रमण करने वालों ने बरसाए पत्थर Agra News
मुस्लिम बाहुल्य इलाके में नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान। एहतियात के तौर पर पुलिसबल रहा तैनात।
आगरा, जागरण संवाददाता। नगर निगम की टीम ने शनिवार को मंटोला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मदीना होटल तिराहा के पास महावीर नाला पर अतिक्रमण अभियान चलाया। शुक्रवार को नगर निगम की कार्यकारिणी की बैठक में अभियान चलाने का निर्णय लिया गया था। दोपहर में नगर निगम की टीम जैसे ही पहुंची तो आक्रोशित दुकानदार ने पत्थरबाजी शुरु कर दी जिसे पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। बवाल की आशंका में पुलिस बल और पीएसी काे मौके पर तैनात किया गया। पत्थरबाजी करने वालों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। नगर निगम की चार जेसीबी और सात डंपर लगाकर मलबा उठाया जा रहा है।
दरअसल मंटोला क्षेत्र में शहर का सबसे बड़ा नाला बहता है। कई वर्षों से अतिक्रमण के कारण यहां की सफाई नहीं हो पाती। नाला सफाई अभियान चला रहे नगर निगम ने नालों को अतिक्रमण से मुक्त करने का भी बीड़ा उठाया हुआ है। इसी अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को कार्यकारिणी बैठक में निर्णय लिया गया कि शनिवार को क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम की टीम जैसे ही जेसीबी मशीनें लेकर क्षेत्र में पहुंची तो आक्रोशित लोगों ने पत्थरबाजी शुरु कर दी। हिंदू मुस्लिम का हवाला देकर विवाद करने लगे। मौके पर पुलिसबल पहुंचने के बाद स्थिति कुछ सामन्य हुई। अभियान में दर्जनों दुकानें और मकानों को जेसीबी मशीन लगाकर ध्वस्त कराया गया। मेयर नवीन जैन के अनुसार अभियान महावीर नाला को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करने तक जारी रहेगा। इसी तरह शहर के अन्य नाले भी अतिक्रमण से मुक्त किये जाएंगे।
बता दें कि नाले के आसपास अतिक्रमण होने से यहां की सड़कें संकरी हो गई थीं। नाले से सटे रोशन मोहल्ला में कपड़े का बड़ा कारोबार है। सैंकड़ों दुकानें हैं। गंदगी और अतिक्रमण के कारण जरा सी बारिश में नाला उफान मारने लगता है, जिसके कारण हर वर्ष व्यापार को करोड़ों का नुकसान होता है। इतना ही नहीं नाले में चमड़े की कतरने भी डालकर आये दिन उनमें आग लगा दी जाती है। बदबू और धुंए के कारण लोगों का वहां बैठना तो क्या वहां से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप