लौहकरेरा में किसान की हत्या से पहले की गई बीयर पार्टी
मृतक के सबमर्सिबल के पास मिले बीयर के खाली केन एवं गिलास, मृतक के कपड़ों पर तेल और मौके पर घसीटने के निशान मिले
रुनकता (जेएनएन): किसान की हत्या से पहले खेत पर बीयर पार्टी हुई थी। पुलिस को मौके पर बीयर की केन और खाली गिलास मिले। मृतक के कपड़ों पर तेल और जमीन पर घसीटने के निशान थे। जो किसान की साजिश के तहत हत्या की ओर इशारा कर रहे थे।
मृतक राजाराम के दोनों हाथ के पंजे जले हुए थे। आशंका है कि उसे करंट लगाकर जलाया गया। शव जिस जगह लटका मिला, वहां से सबमर्सिबल की करीब 100 मीटर दूर है। उसके स्टार्टर के बिजली के तार कटे थे। बल्ब टूटा और स्टार्टर नीचे गिरा हुआ था। जिसमें से फैला तेल मृतक कपड़ों पर लगा था। वहां पर घसीटने के निशान भी बने थे। जाट समाज के लोगों का कहना था कि सारे साक्ष्य और परिस्थितियां राजाराम की हत्या करके लाश को पेड़ पर लटकाने की ओर इशारा कर रही थीं।
सुबह राजीनामा करने की बात हो गई थी
मृतक के परिजनों ने बताया कि रविवार की शाम को गांव के गजराज के परिवार का दामाद खेत से निकल रहा था। इसे लेकर विवाद हो गया था। जाटव समाज के लोगों ने 100 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुला लिया था। पुलिस ने रात में दबिश भी दी थी। बाद में गांव के कुछ लोगों ने बीच में पड़कर दोनों पक्ष में सुलह करा दी थी। सोमवार सुबह राजीनामा होने की बात हो गई थी। इससे पहले ही हत्या कर दी गई।
पुलिस को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर आक्रोश था। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि राजाराम व गजराज पक्ष में झगड़े के बाद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों में राजीनामा कराने की बात पुलिस को बताई थी। उसने एक पक्षीय कार्रवाई कर राजाराम के घर पर दबिश दी। इससे उसका परिवार दहशत में था। पुलिस दोनों पक्षों पर कार्रवाई करती तो राजाराम की हत्या नहीं होती।
जाटव बस्ती हो गई खाली
राजाराम की हत्या की सूचना गांव में फैलते ही जाटव समाज के लोग घरों को छोड़ कर भाग गए। बस्ती में सिर्फ बुजुर्ग ही रह गए। उन्हें आशंका है कि रात में दूसरा पक्ष धावा बोल सकता है। पीएसी के साथ फोर्स तैनात कर दिया।