सुनियोजित तरीके से की हत्या, घरों में लगे मिले ताले
दो वर्ष पहले महिला को किया था मरणासन्न अब घर से ताला लगाकर फरार हुए आरोपित
आगरा, जागरण संवाददाता। न्यू आगरा क्षेत्र के अबुल उल्लाह दरगाह के पास महिला की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। ससुराल वालों ने हत्या से पहले ही पूरी तैयारी कर ली थी। घटना के बाद जब पुलिस उनके घर पहुंची तो ताले लगे मिले। सभी के मोबाइल भी घटना से पहले से ही बंद हैं।
नाई की मंडी के तोपखाना निवासी रानी का पति याकूब से वर्ष 2009 से पहले से ही विवाद चल रहा है। रानी के दो बेटे और एक बेटी हैं। वे उसी के साथ रहते हैं। वर्ष 2009 में रानी और उसके मायके वालों के खिलाफ याकूब ने जानलेवा हमले का मुकदमा लिखाया था। इसके बाद रानी ने भी कई मुकदमे याकूब और उसके स्वजन के खिलाफ लिखवाए। इनमें जानलेवा हमले से लेकर लूट तक के मुकदमे थे। कई बार कोर्ट से बाहर दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश हुई। मगर, बात नहीं बनी थी। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 में रानी और उसकी बहन रोशनी के साथ याकूब और उसके स्वजन ने मारपीट की थी। जगदीशपुरा क्षेत्र में दोनों मरणासन्न हालत में पड़ी मिली थीं। लंबे समय तक इलाज के बाद वे ठीक हुईं। इस मामले में याकूब के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज हुआ। इस बाद याकूब ने पूरी प्लानिंग से काम किया। पहले अपने घर से स्वजन को शिफ्ट कर दिया। हत्या के बाद खुद फरार हो गया। पुलिस घटना के बाद उसके घर पहुंची तो ताला लगा मिला। पति ने बुलाया है, आखिरी बार मिल लूं
रानी शनिवार को दीवानी में जानलेवा हमले के मामले में ही तारीख पर आई थी। उसने अपनी अधिवक्ता से कहा था कि पति ने उसे मिलने अबुल उल्लाह की दरगाह पर बुलाया है। स्वजनों को उसने बताया तो उन्होंने मना किया है। मगर, वह यह कहकर आई है कि आखिरी बार मुलाकात कर रही है। बात बनती है तो ठीक है। नहीं तो कोई बात नहीं।
शौहर से चल रहा था विवाद
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि महिला का अपने शौहर से विवाद चल रहा था। शनिवार को कोर्ट में तारीख थी। इसीलिए वह घर से दीवानी आई थी, संभावना है कि वह यहां से जियारत को दरगाह आई होगी। लौटते समय वारदात हो गई। हमलावर दीवानी से ही उसके पीछे लगे होंगे। सीसीटीवी की फुटेज की जांच कराई जा रही है।
मार्च में जेल गई थी रानी
पुलिस ने बताया कि रानी और उसके परिजनों के खिलाफ याकूब ने शाहगंज थाने में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। हाजिर नहीं होने पर रानी, उसके माता-पिता के कोर्ट से वारंट जारी हुए थे। मार्च 2020 में रानी को जेल जाना पड़ा था। वह लगभग चार माह जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आई थी।