ये क्या बहन की विदाई से पहले भाई बना हत्यारा, आखिर क्या रही वजह, पढें पूरी खबर
शादी समारोह में युवक की गोली मारकर हत्या। उधार की रकम वापस न करने पर बढ़ा विवाद।
आगरा [जेएनएन]: एटा में थाना रिजोर क्षेत्र के गांव कुरीना दौलतपुर में हुई एक शादी में लड़की पक्ष के लोगों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के पीछे उधार की रकम मांगने पर हुआ विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
गांव कुरीना दौलतपुर में नेम सिंह शाक्य की पुत्री की शादी थी। जिसमें बारात हरियाणा प्रांत के कैथल से आई थी। शादी समारोह में लड़की के भाई पंकज का दोस्त सनी निवासी मिर्जापुर सई थाना रिजोर भी आया था। बताया गया है कि सनी डी फार्मा कर रहा था, उसने पंकज से 20 हजार रुपये उधार ले लिए थे। बारात आने के बाद जिस समय द्वाराचार की रस्म निभाईं जा रहीं थीं, तभी वहां मौजूद पंकज ने सनी से पैसे मांगे, जिस पर उसने पैसे देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई, तभी पंकज ने उसे गोली मार दी। गोली चलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। तत्काल गंभीर रूप से घायल सनी को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर आनन-फानन में विवाह की रस्में अदा की गईं और रात को ही दुल्हन विदा कर दी गई। सुबह के वक्त सनी के चाचा सुखवीर सिंह ने रिजोर पुलिस को तहरीर दी, जिसमें पंकज पर हत्या का आरोप लगाया गया। एएसपी संजय कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है तथा एफआइआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।