बरात देखने गए युवक की हत्या, जानिये आखिर क्या था मामला
एटा के रिजोर क्षेत्र के गांव गुमानपुर की घटना। सिर में मारी गई गोली।
आगरा, जागरण संवाददाता। गांव में आई बरात देखने गए एक युवक की हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। फिर भी परिजन उसे जिला अस्पताल लाए, मगर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है।
एटा के रिजोर क्षेत्र के गांव गुमानपुर में वीरेंद्र सिंह की भतीजी की शादी थी। जिस समय बरात चढ़ रही थी, तभी गांव के ही प्रमोद तिवारी का 26 वर्षीय पुत्र अतुल तिवारी देखने के लिए चला गया। परिजनों को पता नहीं चला कि वह कब गया। एक घंटे बाद परिवार वालों को सूचना मिली कि अतुल के सिर में गोली लगी है और वह जमीन पर पड़ा है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो अतुल लहूलुहान हालत में था। वे तत्काल उसे जिला अस्पताल ले आए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रिजोर चमन गोस्वामी मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि उन्हें यह नहीं पता कि गोली किसने मारी है। प्राथमिक छानबीन में पुलिस को घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी भी नहीं मिला। परिजनों ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।