पहले पी जमकर शराब फिर रात में क्या हुआ ऐसा कि फंदे पर लटका मिला पोल्ट्री फार्म संचालक
बिस्तर पर तमंचा, पास में पड़े थे शराब के खाली क्वाटर। सिर में लगी थी गंभीर चोट, मुंह से बह रहा था खून।
आगरा [जेएनएन]: मैनपुरी शहर कोतवाली के गांव अंगदपुर निवासी कामता प्रसाद (55) गांव से कुछ दूर पोल्ट्री फॉर्म का संचालक करते थे। रात को वहीं सोते थे। शुक्रवार सुबह परिजन फार्म पर पहुंचे तो उनका शव अंदर लटका मिला। मुंह से खून बह रहा था। सिर में गंभीर चोट थी।
माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया था। हत्यारे जाली तोड़कर अंदर घुसे थे। पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना स्थल की छानबीन की गई तो बिस्तर में खून पड़ा मिला। तकिया के नीचे तमंचा, कारतूस व पास ही तीन शराब के खाली क्वाटर व प्लास्टिक के गिलास पड़े मिले। मृतक कामता प्रसाद पोल्ट्री फार्म पर ही हर वक्त रहते थे। वहीं खाना बनाते थे। उनके चार पुत्र हैं। दो दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। बड़ा पुत्र मुकेश व छोटा कौशल गांव में उनके साथ रहता था। मुकेश ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तिहाड़ जेल से हुई थी रिहाई
वर्ष 1996 में कामता प्रसाद का पुत्र मुकेश दिल्ली में रहता था। उसके खिलाफ दिल्ली की युवती को अगवा करने का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस युवती को बरामद नहीं कर सकी थी। इस मामले में पुलिस ने कामता प्रसाद के खिलाफ चार्जशीट दी थी। उन्हें दस साल की सजा हुई थी। उच्च न्यायालय ने उनकी सजा को पांच साल में बदल दिया था। छह महीने पहले ही सजा काटकर तिहाड़ जेल से छूटे थे।