दरगाह पर खादिम की हत्या, कहीं चढ़ावे का विवाद तो नहीं बना वजह
कोतवाली के छमछम गली निवासी जाकिर कई साल से दरगाह पर रह रहा था। 15 दिन पहले फतेहपुर सीकरी का एक व्यक्ति और आया था रहने।
By Prateek GuptaEdited By: Published: Wed, 24 Apr 2019 11:51 AM (IST)Updated: Wed, 24 Apr 2019 09:33 PM (IST)
आगरा, जागरण संवाददाता। एत्मादुद्दौला थाने के पास दादा पीर की दरगाह पर रहने वाले 50 वर्षीय जाकिर की मंगलवार आधी रात हत्या कर दी गई। हत्या का शक दरगाह पर 15 दिन पहले रहने आए व्यक्ति पर है। जो कि वहां से फरार है।
कोतवाली के छमछम गली निवासी जाकिर कई साल से दरगाह पर रह रहा था। दरगाह की देखभाल और साफ सफाई करता था। दरगाह का मुख्य खादिम नाई की मंडी निवासी बाबा सलीम है। बुधवार सुबह इलाके के लोग दरगाह पर पहुंचे तो जाकिर की लाश पड़ी देखी। उसकी डंडे और पत्थर से सिर पर प्रहार करके हत्या की गई थी। फर्श पर खाना बिखरा हुआ पड़ा था। दरगाह पर बाबा सलीम ने 15 दिन पहले जाकिर के साथ ही फतेहपुर सीकरी के एक व्यक्ति को रखा था। वह मौके से गायब था। इसलिये पुलिस का शक उसी व्यक्ति पर है। हत्या के पीछे दरगाह पर आने वाले चढ़ावे का विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें