विवाहिता को ले जाने के आरोपित को पीटकर मार डाला
तीन माह पहले विवाहिता को लेकर भागा था ऑटो चालक। दो सप्ताह बाद वापस लौटी विवाहिता के पति से हो गया था राजीनामा।
जागरण संवाददाता, आगरा: बिचपुरी में पांच बच्चों की मां को साथ ले जाने के आरोपित को पीट-पीटकर मार डाला गया। महिला तीन महीने पहले ऑटो चालक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। दो सप्ताह बाद बरामद होने पर महिला के पति ने 70 हजार रुपये में आरोपित से राजीनामा कर लिया। इसके बाद गांव छोड़कर चला गया। पति समेत आधा दर्जन लोगों ने दो दिन पहले गांव के बाहर घेरने के बाद हमला बोलकर सरियों से पीटकर मरणासन्न कर दिया। सोमवार देर रात चालक की मौत हो गई। मंगलवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लेकर पहुंचे परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर जाम लगा हंगामा कर दिया।
मामले के अनुसार बिचपुरी निवासी ऑटो चालक 28 वर्षीय बीरू खान ऑटो चालक था। शादीशुदा बीरू खान दो बच्चों का पिता था। परिजनों के मुताबिक कुछ महीने पहले क्षेत्र में रहने वाली पांच बच्चों की मां उसके संपर्क में आ गई। बीरू को जाल में फांस तीन महीने पहले उसके साथ घर छोड़कर चली गई। महिला के परिजनों ने थाने पर उसकी रिपोर्ट दर्ज करा दी। अपने स्तर से तलाश में जुटे पति और परिवार के लोगों ने महिला को दो सप्ताह बाद ही मलपुरा क्षेत्र में पकड़ लिया।
परिवार और समाज की पंचायत के बाद महिला का पति 70 हजार रुपये लेकर राजीनामा करने को तैयार हो गया। इसके बाद अपनी रिपोर्ट वापस ले ली। राजीनामा के बाद महिला और उसका पति गांव छोड़कर चले गए। दंपती बच्चों के साथ मलपुरा क्षेत्र में जाकर रहने लगे। परिजनों का आरोप है कि महिला और उसका पति साजिश के तहत गांव से गए थे।
बीरू खान 22 जुलाई की रात को ऑटो से घर लौट रहा था। महिला के पति और पुत्रों समेत आधा दर्जन लोगों ने बीरू को गांव के बाहर घेर लिया। उसे सरियों से पीटने के बाद मृत समझकर छोड़ गए थे। जानकारी होने पर पहुंचे परिजनों ने बीरू को एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया। यहां सोमवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों का कहना था कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इससे आक्रोशित लोगों ने मंगलवार शाम को शव को बिचपुरी मार्ग पर रख जाम लगा दिया। हंगामे की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस के समझाने पर लोगों ने जाम खोला। सीओ लोहामंडी चवन कुमार चावड़ा के मुताबिक आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।