CoronaVirus: अब 100 और मशीनों से होगा एंटी लार्वा का छिड़काव
नगर निगम प्रशासन ने खरीदीं मशीनें जरूरत के हिसाब से भेजी जा रहीं। जलापूर्ति हो रही लॉकडाउन में प्रभावित।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब और भी बेहतर तरीके से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने सौ मशीनों की खरीद की है। हर वार्ड में जरूरत के हिसाब से मशीनों को भेजा गया है।
नगर निगम के सौ वार्ड हैं। वर्तमान में निगम के पास एंटी लार्वा के छिड़काव की 44 मशीनें हैं। इनकी क्षमता 18 से लेकर 50 लीटर तक है। निगम के अफसरों के पास एंटी लार्वा के छिड़काव को लेकर हर दिन सौ से डेढ़ सौ शिकायतें पहुंच रही हैं। जिस पर निगम प्रशासन ने सौ मशीनों की खरीद की है।
बेहतर तरीके से होगी फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव
मेयर नवीन जैन का कहना है कि फॉगिंग और एंटी लार्वा के छिड़काव के लिए रोस्टर बना हुआ है। नई मशीनें आने से और भी बेहतर तरीके से हर क्षेत्र में छिड़काव हो सकेगा।
16 हजार घरों में नहीं हुई जलापूर्ति
शहर के कुछ हिस्से में जलापूर्ति लड़खड़ा गई है। शुक्रवार को 16 हजार घर के लोग पानी को तरसे। वहीं ढाई हजार घरों में गंदे पानी की आपूर्ति हुई। जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से 135 और सिकंदरा के दोनों प्लांट से 216 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति हुई। पानी का प्रेशर अधिक होने के चलते 13 स्थलों पर लीकेज हुआ। इससे लाखों लीटर पानी नालियों में बह गया। प्रमुख रूप से आवास विकास सेक्टर तीन, चार, पांच, नौ व 14, जयपुर हाउस रोड पर तीन, सिकंदरा-बोदला रोड में चार स्थलों पर, संजय प्लेस, वजीरपुरा, घटिया, जीवनी मंडी रोड प्रमुख रूप से शामिल हैं। जल संस्थान की टीम ने शाम तक 11 लीकेज की मरम्मत की गई।
इन क्षेत्रों में नहीं आया पानी
कालिंदी विहार, राधा नगर, प्रकाश नगर, नुनिहाई, यमुना ब्रिज, कमला नगर ए ब्लॉक, आवास विकास सेक्टर तीन, 15, गोकुलपुरा, बलका बस्ती, गोबर बस्ती।
यहां आया गंदा पानी
राजा की मंडी रेलवे स्टेशन रोड, किशोरपुरा के कुछ हिस्से में, बल्केश्वर रोड।