Mulayam Singh Yadav: 'नेताजी' के स्वास्थ्य लाभ के लिए ताजनगरी में सपाई कर रहे पूजन, चल रहा महामृत्युंजय जाप
Mulayam Singh Yadav आगरा में सपा कार्यकर्ता और समर्थक उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। वरिष्ठ समाजवादी नेता व सपा राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन ने भी अपने समर्थकों के साथ नेताजी के शीघ्र स्वास्थ होने के लिए प्रार्थना की।
आगरा, जागरण संवाददाता। 'नेताजी' मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य लाभ के लिए ताजनगरी में महामृत्युंजय जाप शुरू हो गया है। तबियत खराब होने पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इसको देखते हुए आगरा में सपा कार्यकर्ता और समर्थक उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
सपा प्रदेश सचिव अवनींद्र यादव की मौजूदगी में सोमवार को शाहदरा, मोहन नगर में देवी मां मंदिर पर महामृत्युंजय जाप किया गया। यहां 'नेताजी' के शीघ्र स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की गई। मंत्रोच्चारण के साथ सपा कार्यकर्ता और समर्थकों ने हवन किया। वरिष्ठ समाजवादी नेता व सपा राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन ने भी अपने समर्थकों के साथ 'नेताजी' के शीघ्र स्वास्थ होने के लिए प्रार्थना की है। उनका कहना है कि मुलायम सिंह यादव एक संघर्षशील नेता हैं। इस बार बीमारी को अपने संघर्ष से मात देकर आगे बढ़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुलायम सिंह यादव के पुत्र पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बात कर मुलायम सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी अखिलेश को फोन कर मुलायम के स्वास्थ्य की जानकारी ली है।