गांधी संकल्प पदयात्रा: सांसद हेमा मालिनी का पग- पग पर स्वच्छ्ता का संकल्प Agra News
डेंपियर नगर से होली गेट तक पद यात्रा निकाली गई।
आगरा, जेएनएन। दो अक्टूबर से शुरू हुआ स्वच्छता का नारा रविवार को भी बुलंद रहा। महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा ने गांधी सांसद यात्रा का आयोजन किया। मथुरा में सांसद हेमा मालिनी ने लगभग डेढ़ किमी पदयात्रा कर स्वच्छता का संदेश दिया।
डेंपियर नगर से होली गेट तक यात्रा निकाली गई। सुबह 10.30 बजे से डेंपियर नगर स्थित पार्क में स्थापित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के समक्ष भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित होने शुरू हो गए। करीब एक घंटे बाद सांसद हेमा मालिनी पहुंची। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पदयात्रा का शुरु की। कार्यकर्ता स्वच्छता के नारे लगा रहे थे। यहां से यात्रा रवाना हुई। विभिन्न बाजारों से होते हुए होलीगेट पर पहुंच कर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान उन्होंने प्लास्टिक से होने वाले नुकसान से अवगत कराया। कहा कि अपने घर के आसपास का प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों का अपने शहर की सड़कों की साफ-सफाई का ध्यान रखना हम सभी का कत्र्तव्य और नैतिक जिम्मेदारी है। मेयर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य जिले को प्लास्टिक और पॉलीथिन मुक्त करना है। यही संदेश शहर से जाना चाहिए।
मेयर से जताई नाराजगी
यात्रा के दौरान सांसद ने सड़क टूटी होने पर मेयर से नाराजगी भी जताई। यात्रा जब क्वालिटी तिराहे से होकर गुजर तो वहां सड़क पर हो रहे गड्ढ़े पर कहा कि आप स्वच्छता की बात कर रहे हैं, लेकिन सड़क तो बनवाई नहीं है। ऐसे कैसे गंदगी साफ होगी।
रावल गांव दौरे पर पहुंची सांसद
महावन के गांव रावल पहुंचकर सांसद हेमा मालिनी ने नव निर्मित प्राथमिक विद्यालय का अवलोकन किया। मंदिर के समीप लाडली कुंड पर पहुंचकर कुंड की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही मंदिर में राधा रानी के दर्शन कर अपने आप को कृतार्थ किया। सांसद ने कम्युनिटी हॉल में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या सुनी, जिसमें ग्रामीणों ने कहा कि पानी की समस्या गांव के लिए गंभीर बन चुकी है। आरो प्लांट लगवाया गया था वह भी बंद पड़ा है। पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था उसका कनेक्शन काट दिया गया है। सांसद ने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए बीडीओ बलदेव को निर्देश दिए।