दो माह से नहीं मिला बेटी का कोई सुराग तो मां ने हाईवे पर उठाया ऐसा कदम
दो माह पूर्व गायब बेटी की बरामदगी के लिए भटक रहा है दंपती। एक सप्ताह पूर्व केरोसिन डालकर किया था आत्मदाह का प्रयास।
आगरा [जेएनएन]: करीब दो माह पहले गायब पुत्री का अभी तक सुराग नहीं लगने से परेशान महिला रविवार सुबह फीरोजाबाद के सुभाष तिराहा पर हाईवे पर बैठ गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने जल्द बेटी की बरामदगी का आश्वासन देते हुए महिला को यहां से उठा कर घर भेजा।
थाना उत्तर क्षेत्र के लक्ष्मी नगर निवासी एक व्यक्ति की 20 वर्षीय बेटी दो माह से गायब है। दंपती बेटी की बरामदगी की खातिर इधर से उधर भटक रहा है। रिश्तेदारियों एवं परिचितों में खोजबीन के बाद भी बेटी का सुराग अब तक नहीं लग सका है। पिता ने रुधऊ निवासी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन पुलिस अभी तक इनका पता नहीं लगा सकी है। बीते दिनों दपंती ने सुभाष तिराहा पर ही केरोसिन डाल आग लगाने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने इन्हें रोक लिया था। अफसरों ने बेटी की बरामदगी के लिए तीन दिन का वक्त मांगा, लेकिन अभी तक पता नहीं लगा है। इस पर सुबह युवती की मां सुभाष तिराहा पर पहुंची तथा हाईवे पर बैठ गई। महिला का कहना था कि पुलिस सुनवाई नहीं कर रही। आरोपित धमकी दे रहा है। यह देख तिराहे पर तैनात पुलिस कर्मी दौड़कर महिला के पास पहुंच गए। उन्होंने महिला को समझाया, लेकिन वह पुत्री की बरामदगी की बात पर अड़ी रही। कुछ समय बाद उत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार दुबे ने बहुत जल्द ही बरामदगी का आश्वासन दिया है।
एक विधायक पर लगाए आरोप
युवती की मां ने इस दौरान एक विधायक पर भी आरोप लगाए। उनका कहना था विधायक द्वारा आरोपित युवक को संरक्षण दिया जा रहा है। विधायक के समर्थकों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया।