विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में 23 साल बाद मोरारी बापू की रामकथा का भव्य आयोजन, तैयार है विशाल दरबार

Published: Mon, 14 Sep 2026 12:03 AM (IST)

मोरारी बापू की रामकथा 23 साल बाद आगरा में 15 से 23 सितंबर तक जेपी वेडिंग ग्राउंड में आयोजित होगी।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, आगरा। राष्ट्रीय संत मोरारी बापू की श्रीरामकथा के अमृत वचनों में शहर 23 वर्ष बाद फिर से डूबने को तैयार है। फतेहाबाद रोड स्थित जेपी वेडिंग ग्राउंड में होने वाले आयोजन के लिए 40 हजार वर्गफीट में भव्य वाटरप्रूफ पंडाल सज गया है।

संत मोरारी बापू मंच पर विराजमान होकर श्रीरामचरितमानस के मर्म और भगवान श्रीराम के आदर्शों का संदेश देंगे। 15 से 23 सितंबर तक होने वाली नौ दिवसीय कथा में आगरा ही नहीं, विभिन्न प्रदेशों से पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।

करुणानिधान परिवार के ललित गुप्ता, सतीश शाह और मनीष मित्तल ने बताया कि पंडाल में 40 बाई 32 फीट का विशाल मंच तैयार हो गया है। श्रद्धालुओं के लिए कुर्सियों के साथ गद्दों पर बैठकर कथा सुनने की व्यवस्था रहेगी।

15 सितंबर को शाम चार बजे से कथा का शुभारंभ होगा। पहले दिन कथा शाम चार से सात बजे तक होगी। श्रद्धालु 16 से 23 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर डेढ़ बजे तक संत मोरारी बापू की अमृतमयी वाणी में रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से जीवन मूल्यों और भगवान श्रीराम के आदर्शों का अमृतपान करेंगे।

कथा को संगीतमय बनाने के लिए गुजरात से संगीतकार बुलाए गए हैं, जो कथा के भाव और प्रसंगों के अनुरूप संगीत प्रस्तुतियां देंगे। भोजन प्रसादी तैयार करने को ग्वालियर से हलवाई बुलाए गए हैं। भोजन पंडाल अलग होगा, जहां एक साथ करीब एक हजार श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।

सुरक्षा के लिए गुजरात से 20 सुरक्षा गार्ड बुलाए गए हैं। पार्किंग व्यवस्था में 40 कर्मचारी तैनाती रहेंगे। स्वच्छता के लिए वाराणसी से कर्मचारी बुलाए गए हैं। स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग रहेगा। चिकित्सक और एंबुलेंस के साथ अग्निशमन दल भी तैनात रहेगा।