मानसून निकले महीना हुआ पार, पैंटून पुल बनने का अब तक इंतजार
सीधे शहर से जुड़ेंगे खंदौली क्षेत्र के दर्जनों गांव। किसानों छात्रों को मिलेगा लाभ। बाजार पहुंचने की हाेगी सुविधा। मानसून के कारण निर्माण कार्य को टाल दिया गया था। बारिश के दिनों में सुरक्षा की दृष्टि से तीन महीने के लिए बने हुए पैंटून पुलों को हटा दिया जाता है।
आगरा, जागरण संवाददाता। खंदौली क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को शहर से सीधे जोड़ने के लिए यमुना नदी पर पैंटून पुल का निर्माण होना है। जुलाई में दोनों पुल के लिए धनराशि जारी हो चुकी है, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हुआ है। मानसून के कारण निर्माण कार्य को टाल दिया गया था। बारिश के दिनों में सुरक्षा की दृष्टि से तीन महीने के लिए बने हुए पैंटून पुलों को हटा दिया जाता है। सितंबर में निर्माण शुरू होना था। मानसून समाप्त हुए भी महीनाभर हो गया है, लेकिन पैंटून पुल की शुरुआत नहीं हो सकी है।
विधायक रामप्रताप सिंह चौहान के प्रयास से नगला चतुरा से सिकंदरपुर के लिए पैंटून पुल फरवरी में स्वीकृत हुआ था। इससे आस-पास के गांव के किसानों, छात्रों के लिए आगरा की दूरी 22 किमी से घटकर 12 किमी रह जाएगी। गिजौली से अानंदी भैंरो के मध्य बनने वाले पुल से आगरा आने वाले किसानों के लिए दूरी 32 से घटकर 15 किमी रह जाएगी। खंदौली क्षेत्र को दयालबाग क्षेत्र से सीधे जोड़ने वाले इन दोनों पुल के लिए धनराशि जारी हो चुकी है। गिजौली पैंटून पुल के लिए 73 लाख और चतुरा पैंटून पुल के लिए 68 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। निर्माण कार्य अभी लंबित है। इन पुल के बनने से बाजार करने और व्यापार करने आने वालों को विशेष लाभ मिलेगा।
बारिश से हुआ विलंब
विधायक रामप्रताप सिंह चौहान ने बताया कि बारिश के कारण पैंटून पुल का कार्य लंबित हुआ है। क्षेत्रीय लोगों की सुविधा के लिए इसे जल्द शुरू कराया जाएगा, जिससे दर्जनों गांवों के लोगों को लाभ मिल सकेगा।