Life Style: शादियों से लेकर ऑफिस तक में चल रहा Monochrome का ट्रेंड Agra News
वेस्टर्न हो या ट्रेडीशनल मोनोक्रोम ने मारी वार्डरोब में एंट्री। बॉलीवुड से हुआ ट्रेंड।
आगरा, जागरण संवाददाता। फैशन ट्रेंड्स की बात करें तो इन दिनों मोनोक्रोम स्टाइल सभी के सिर चढ़कर बोल रहा है। शादियों में जाना हो या पार्टी में, दोस्तों के साथ घूमना हो या ऑफिस जाना हो, हर जगह मोनोक्रोम ड्रेसेज का ही ट्रेंड चल रहा है। शहर की युवतियों ने मोनोक्रोम स्टाइल को अपने वार्डरोब में शामिल कर लिया है। मोनोक्रोम का यह स्टाइल हर स्टाइल की ड्रेस पर पसंद किया जा रहा है।
क्या है मोनोक्रोम
काला और सफेद रंग कभी भी फैशन से बाहर नहीं जाता है। जब किसी ड्रेस में ब्लैक एंड व्हाइट को मिलाकर अच्छा कांबिनेशन बनाया जाता है तो उसे ही मोनोक्रोम स्टाइल कहते हैं। फिर चाहे वह वेस्टर्न लुक हो या ट्रेडिशनल। मोनोक्रोम लुक सिंपल और शानदार नजर आता है और इसमें ब्लॉक्स, स्ट्राइप्स, इस तरह के प्रिंट्स बहुत अच्छे लगते हैं।
रंग-बिरंगा फैशन हो चुका आउट
कुछ समय पहले तक फैशन में रंग-बिरंगे कपड़ों का चलन था। कुर्ता लाल है तो दुपट्टा नीला होगा। लेकिन, अब सब कुछ मैचिंग में चल रहा है। एक ही रंग में ट्रेडीशनल और वेस्टर्न ड्रेसेज को पसंद किया जा रहा है। फैशन डिजाइनर हिमानी सरन बताती हैैं कि इस समय मोनोक्रोम हर लड़की की चाहत है। मेरे पास हर रोज इस पसंद की ड्रेस की मांग लेकर लड़कियां आती हैैं। जहां तक कि अब शादियों में दुल्हन भी मोनोक्रोम का प्रयोग कर रही हैैं।
बॉलीवुड से आया, लड़कियों को भाया
यह फैशन बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने शुरू किया है। सारा अली खान से लेकर जैकलीन फर्नांडिस तक की फोटो मोनोक्रोम ड्रेसों में देखी जा रही हैैं। लड़कियां अपने डिजाइनर्स से अभिनेत्रियों की स्टाइल के कपड़े तैयार करवा रही हैैं। फैशन डिजाइनर राखी कौशिक बताती हैैं कि पिछले दिनों सोनम कपूर ने मोनोक्रोम सूट पहना था। इस सूट को बनवाने के लिए अब तक 10 से ज्यादा लड़कियां मेरे पास आ चुकी हैैं।