Life Style: कभी आउटडेटेड नहीं होता Black and White कलर Agra News
फैशन डिजायनर सिमरन अलरेजा के अनुसार ब्लैक एंड व्हाइट कलर ऑफिस कल्चर के साथ पार्टियों की भी शान बनाता है।
आगरा, जागरण संवाददाता। कई बार ऐसा होता है कि सुबह की भागदौड़ में यह तय करने का वक्त ही नहीं मिलता कि क्या और किस कलर की ड्रेस पहनकर ऑफिस या आउटिंग पर जाया जाए। ब्लैक और वाइट दो ऐसे कलर हैं जो सिंगल कलर या मिक्स्ड मैच करके कैरी किये जा सकते हैं। तो आनन फानन में ब्लैक एंड वाइट के कॉम्बिनेशन को पहनकर ही आप बाहर निकल गई हों। लेकिन क्या आप जानती हैं ये ही कॉम्बिनेशन आपको सबसे ज्यादा आकर्षक भी बनाता है। कई बार आपको भी इस फैशन सेंस के लिए तारीफ भी खूब मिली होगी। फैशन की दुनिया में आजकल इसी कॉम्बिनेशन को सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। फैशन डिजायनर सिमरन अलरेजा के अनुसार मोनोक्रोमैटिक लुक के लिए काला रंग सबसे पसंदीदा विकल्प है। आप सिर्फ काले रंग के कपड़े व एक्सेसरीज का चुनाव करने की जगह ग्रे या काले रंग का अन्य शेड चुन सकती हैं और साथ ही एक्सेसरीज के मामले में कुछ नए प्रयोग कर सकती हैं।
कॉर्पोरेट कल्चर में फेवरट
कॉर्पोरेट कल्चर में फॉर्मल वियर को खास बनाना हो तो व्हाइट का नाम सबसे पहले आता है। आपके पॉवर ड्रेसिंग को बयां करने के लिए सिंपल व्हाइट शर्ट ही काफी है। ये आपको कॉन्फिडेंट लुक देने में मदद करता है।
बॉटम का करें सही चुनाव
व्हाइट शर्ट के साथ हाई वेस्टेड पैंट, फैडेट जींस और फॉर्मल पैंट भी अच्छी लगती है। इसके साथ न्यूड कलर हील्स पहनें। क्रिस्प व्हाइट टॉप या शर्ट पर पिन-टक्स की डिटेलिंग भी अच्छी लगती है। इसे डार्क ब्लैक कलर्ड रग्ड डेनिम के साथ पेयर करना भी फैशन में इन है।
अपनाएं ये खास लुक
सिर्फ सफेद और काला रंग ही नहीं, मोनोक्रोमैटिक लुक को अपना बनाने के लिए आप अन्य रंगों के साथ भी प्रयोग कर सकती हैं। बस, ध्यान रहे कि कपड़ों का शेड एक ही रंग से मिलता-जुलता हो। एक ही रंग के अनगिनत शेड्स होते हैं। मोनोक्रोमैटिक लुक को अपनाने के लिए आप उस रंग के उन सभी शेड्स का इस्तेमाल कर सकती हैं, बस इस बात का ध्यान रखें कि आपके लुक में ऊपर से नीचे तक सही सामंजस्य रहे और आंखों को कुछ खटके नहीं।
रंगों के टोन पर भी दें ध्यान
रंग भी ठंडे या गर्म होते हैं यानी उन्हें पहनने पर वैसा प्रभाव होता है। मसलन, गुलाबी रंग के मामले में कॉटन कैंडी रंग का टोन ठंडा होता है, वहीं कोरल रंग का टोन गर्म होता है। ऊपर से नीचे तक एक ही जैसे प्रभाव वाले रंगों का चुनाव करने से बचें। आपके कपड़े के रंगों के बीच का सामंजस्य जितना बेहतर होगा, आपका मोनोक्रोमैटिक लुक उतना ही ज्यादा निखर कर सामने आएगा और बेहतर दिखेगा।
टेक्सचर के साथ करें प्रयोग
मोनोक्रोमैटिक ट्रेंड के लिए एक और विकल्प है, टेक्सचर के साथ प्रयोग करना। मसलन, आप ग्रे रंग के स्वेटर के साथ सफेद-ग्रे स्ट्रैप्स वाली शर्ट, ग्रे स्किनी जींस और ग्रे रंग की हाई हील्स पहन सकती हैं। रंग के बाद टेक्सचर ही इस लुक की खूबसूरती निखारने में आपकी मदद करेगा। अगर आप ठंड के मौसम में मोनोक्रोमैटिक लुक को पहन रही हैं तो ऊन, फर, वेलवेट जैसे अलग-अलग टेक्सचर को अपने लुक का हिस्सा बनाएं। न सिर्फ यह पूरा लुक निखर कर आएगा, बल्कि आप काफी ज्यादा आकर्षक भी दिखेंगी। यह प्रयोग एक्सेसरीज के मामले में भी बेझिझक होकर करें।
लीजिए लेयरिंग का सहारा
सही लेयरिंग की मदद से भी आप अपने इस मोनोक्रोमैटिक लुक को और निखार सकती हैं। यह आप पर निर्भर करता है कि आप सभी कपड़ों और एक्सेसरीज की सही लेयरिंग करके कैसे इस लुक को अपनाती हैं। लेयरिंग के लिए हमेशा ऐसी एक्सेसरीज का चुनाव करें, जो आप आत्मविश्वास के साथ पहन सकें। एक रंग की कोई भी एक्सेसरीज या कोई भी कपड़े को साथ पहन लेने भर से बात नहीं बनेगी।
दुल्हन भी अपना सकती हैं ये स्टाइल
दुल्हन भी शादी के जोड़े के लिए इस ट्रेंड को अपना सकती है। शादी के जोड़े के लिए कोई ऐसा रंग चुनें, जिससे आप खुद को सबसे अच्छे तरीके से जोड़ पाती हैं। अब उस रंग के अलग-अलग शेड के साथ प्रयोग करें। ब्लू, इंडिगो, लेवेंडर, मिंट ग्रीन आदि रंग लहंगे के लिए मुफीद होंगे। अगर आप लहंगा पहन रही हैं तो उसके साथ दुपट्टे की जगह लहंगे के रंग के ही अलग शेड और टेक्सचर से बना केप पहन सकती हैं।